पश्चिम बंगाल में सोमवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का समय समाप्त हो चुका है. सभी राजनीतिक दलों ने इस दौरान जमकर मेहनत की और लोगों से अपने पार्टी को वोट देने की अपील की. इन बस के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्ला में एक ऑडियो जारी किया है और कहा है कि यह चुनावी प्रचार नहीं, एक तीर्थ यात्रा जैसा अनुभव रहा. जनता का स्नेह ही सबसे बड़ी पूंजी है.
सोशल मीडिया प्लेटऑर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक ऑडियो पोस्ट किया. प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों को संबोधित करते हुए चुनावी प्रक्रिया को लोकतंत्र का पवित्र उत्सव बताया. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता के बीच रहकर उन्हें एक नई ऊर्जा और शक्ति का अनुभव हुआ है, जिसने उनके विश्वास को और मजबूत किया है.
लोकतंत्र का पवित्र उत्सव और जनता का आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत बंगाल के लोगों को नमस्कार करते हुए की और कहा कि लोकतंत्र का हर उत्सव अत्यंत पवित्र होता है. उन्होंने चुनावी प्रचार के दौरान मिले समर्थन और स्नेह के लिए हर परिवार का आभार जताया.
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सामूहिक संकल्प है.
चुनावी प्रचार नहीं, एक तीर्थ यात्रा जैसा अनुभव
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में किए गए हर रोड शो और रैली उनके लिए किसी तीर्थ यात्रा से कम नहीं रहे. उन्होंने बताया कि जिस तरह जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय उन्हें आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव हुआ था, उसी तरह बंगाल में जनता के बीच रहकर भी उन्हें वही ऊर्जा महसूस हुई.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता ही उनके लिए 'जनार्दन' है और उनसे मिलकर उन्हें नई प्रेरणा मिलती है.
यह भी पढ़ें: माता को चढ़ता है नॉनवेज प्रसाद... क्या है ठनठनिया कालीबाड़ी का इतिहास, जहां पीएम मोदी ने की पूजा
जनता का स्नेह ही सबसे बड़ी पूंजी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रैलियों और रोड शो के बाद जब वे रात में लोगों के भेजे संदेश, पत्र और भावनाएं पढ़ते हैं, तो उन्हें गहरा भावनात्मक जुड़ाव महसूस होता है.
उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और हर वर्ग के लोगों का जो प्यार और आशीर्वाद उन्हें मिला है, वही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है.
विकसित बंगाल का सपना
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल का हर वर्ग चाहे वह किसान हो, मजदूर हो या महिलाएं एक विकसित और उज्ज्वल भविष्य चाहता है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है, सुरक्षित माहौल चाहती है और खुले अवसरों वाला भविष्य चाहती है.
बंगाल की सेवा और सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की सेवा करना और उसे सुरक्षित रखना भारतीय जनता पार्टी का कर्तव्य है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सामने आने वाली हर चुनौती को अवसर में बदलना उनकी प्राथमिकता है और इस जिम्मेदारी से वे कभी पीछे नहीं हटेंगे.
यह भी पढ़ें: '4 मई के बाद दिल्ली से कोई नहीं बचाएगा...', मिताली बाग पर हमले को लेकर अभिषेक बनर्जी का BJP को खुला चैलेंज
जनता से ज्यादा मतदान की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पवित्र अवसर को सफल बनाएं. उन्होंने कहा कि हर वोट बंगाल के भविष्य को मजबूत करेगा और राज्य को विकास की नई दिशा देगा.
aajtak.in