पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने मंगलवार को अलग-अलग विभागों और संस्थाओं में संभाले जा रहे 23 पदों से इस्तीफा दे दिया है. इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी गई है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कोलकाता से जारी एक आधिकारिक पत्र में बताया गया कि राज्य के गृह विभाग ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे ममता बनर्जी के इस्तीफे को जल्द से जल्द स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू करें. साथ ही उन पदों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया है, जिनका जिक्र सूची में नहीं है लेकिन वे उनके पास थे.
ममता बनर्जी इस बार दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनका मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी से है.
पत्र में कहा गया है कि ममता बनर्जी ने तुरंत प्रभाव से सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने राज्य स्वास्थ्य मिशन की प्रमुख, राज्य वन्यजीव बोर्ड की चेयरपर्सन, इको-टूरिज्म सलाहकार बोर्ड, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती समिति और वेस्ट बंगाल उर्दू अकादमी जैसे कई अहम पद छोड़ दिए हैं.
इसके अलावा उन्होंने बंगला संगीत मेला की आयोजन समिति, राज्य एससी-जनजाति सलाहकार परिषद, इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जैसे पदों से भी इस्तीफा दिया है. सरकार के सभी विभागों से कहा गया है कि वे तुरंत जरूरी कार्रवाई करें और बुधवार शाम 4 बजे तक इस्तीफे की प्रक्रिया पूरी होने की रिपोर्ट सौंपें.
ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे अपने पत्र में कहा है कि उनके सभी पदों से इस्तीफा स्वीकार करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, चाहे वे पद सूची में शामिल हों या नहीं. अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले के बाद सभी विभागों को तेजी से प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि उनके पद छोड़ने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो सके.
aajtak.in