'क्या अब बैलगाड़ी पर चलना होगा?', LPG की कीमतों पर बरसीं CM ममता, केंद्र सरकार को जमकर घेरा

पश्चिम बंगाल के चुनावी दंगल में ममता बनर्जी ने महंगाई को अपना सबसे बड़ा हथियार बना लिया है. पुरबा बर्धमान की रैली में उन्होंने रसोई गैस की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला और तंज कसते हुए पूछा कि क्या 1100 रुपये के सिलेंडर वाले इस दौर में अब जनता को फिर से 'बैलगाड़ी' के जमाने में लौटना पड़ेगा? सिर्फ महंगाई ही नहीं, इस बार भवानीपुर की सियासी जंग भी दिलचस्प हो गई है, जहां बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारकर मुकाबले को आर-पार का बना दिया है.

Advertisement
रसोई गैस की कीमतों पर बरसीं सीएम ममता (File Photo: PTI) रसोई गैस की कीमतों पर बरसीं सीएम ममता (File Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:07 PM IST

पश्चिम बंगाल के चुनावी दंगल में अब महंगाई सबसे बड़ा हथियार बन गई है. पुरबा बर्धमान की रैली में मुख्यमंत्री और भवानीपुर से टीएमसी उम्मीदवार ने रसोई गैस (LPG) की बढ़ती कीमतों और किल्लत को लेकर सीधे केंद्र सरकार पर निशाना साधा. महिलाओं का दर्द समझते हुए उन्होंने तीखा सवाल पूछा कि क्या अब हमें फिर से पुराने जमाने में लौटना पड़ेगा?

Advertisement

रैली में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने पुरानी यादें ताजा कीं और पूछा कि क्या आपको याद है मोदी सरकार के आने से पहले सिलेंडर की कीमत क्या थी? तब रसोई गैस सिर्फ 400 रुपये में मिल जाती थी, लेकिन आज यही आंकड़ा 1100 के पार पहुंच चुका है. बिना किसी शोर-शराबे के चुपचाप 700 रुपये बढ़ा दिए गए और सारा बोझ आम जनता की जेब पर डाल दिया गया. न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, उन्होंने तंज कसते हुए कहा,  'हालात ऐसे हो चले हैं कि शायद हमें फिर से बैलगाड़ी की सवारी करनी पड़े, क्योंकि अब तो ये भी भरोसा नहीं कि दो दिन बाद गैस मिलेगी भी या नहीं.'

इस दौरान, सिलेंडर की किल्लत और 25-25 दिन के लंबे इंतजार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी मां या बहन को गैस के लिए करीब एक महीने तक हाथ पर हाथ धरे बैठना पड़ेगा, तो घर का चूल्हा कैसे जलेगा? क्या तब तक बच्चे भूखे रहेंगे? उनका यह बयान अब बंगाल के चुनावी अखाड़े में एक बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है.

Advertisement

बतादें कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है. यही शुभेंदु 2021 में नंदीग्राम से ममता को हरा चुके हैं. अब सवाल यह है कि क्या वे भवानीपुर में भी वही कमाल कर पाएंगे जैसा कि उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में किया था?

2021 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर में TMC की जीत का अंतर 28,000 वोट था. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में यह घटकर सिर्फ 8,297 वोट रह गया. इतना ही नहीं, 2024 में BJP ने भवानीपुर के 269 में से 149 बूथों पर बढ़त बनाई.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement