केजरीवाल ने खुद को कहा 'एक अकेला ईमानदार', राहुल गांधी को बताया 'बेईमान', AAP के इस पोस्टर के क्या मायने?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर पोस्टर वॉर तेज हो गई है. शनिवार को आम आदमी पार्टी ने नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को बेइमानों की लिस्ट में दिखाया गया है. जबकि पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के एक अकेला ईमानदार बताया है.

Advertisement
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल. (Photo: PTI) कांग्रेस नेता राहुल गांधी और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल. (Photo: PTI)

कुमार कुणाल

  • नई दिल्ली,
  • 25 जनवरी 2025,
  • अपडेटेड 12:18 PM IST

दिल्ली में विधानसभा चुनाव हैं और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अचानक कांग्रेस पर हमलावर हो गई है. स्थिति यहां तक पहुंच चुकी है कि शनिवार सुबह आम आदमी पार्टी ने एक पोस्टर रिलीज किया, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बेईमानों की लिस्ट में शामिल कर दिया है. पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बाद तीसरे नंबर पर राहुल गांधी की फोटो है. माना जा रहा है कि ये पोस्टर AAP की एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है.

Advertisement

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हर रोज सियासी समीकरण बदल रहे हैं. AAP इन दिनों न सिर्फ बीजेपी, बल्कि कांग्रेस के उम्मीदवारों से भी कई सीटों पर कड़ी टक्कर मिल रही है. AAP को डर है कि दिल्ली में बदलते सियासी समीकरण की वजह से मुस्लिम अल्पसंख्यक और दलित वोटर राहुल गांधी के कहने पर कहीं उनसे छिटक न जाए.

AAP का मानना है कि अगर राहुल गांधी को भाजपा नेताओं के साथ खड़ा नहीं किया गया तो वो एक बड़े वोट बैंक को AAP से अपनी ओर शिफ्ट कर सकते हैं. हालांकि, आप ने अपनी पोस्टर वॉर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को दूर रखा है.

कांग्रेस की क्या है दिल्ली की रणनीति?

अभी कुछ महीने पहले तक गठबंधन का हिस्सा रही दोनों पार्टियों के बीच आखिरकार दिल्ली में चल रहे इस युद्ध का क्या मतलब है? कांग्रेस को मालूम है कि जब तक वो आम आदमी पार्टी के वोट में सेंध नहीं लगाएगी, तब तक दिल्ली में उसकी वापसी का रास्ता सिर्फ मुश्किल नहीं बल्कि नामुमकिन है. इसलिए लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के बड़े नेता अरविंद केजरीवाल पर सीधा निशाना साध रहे हैं.

Advertisement

दिल्ली में पहले काम कर चुकी केजरीवाल सरकार के वक्त की सीएजी रिपोर्ट सामने लाए जा रहे हैं, जिसमें कांग्रेस का दावा है कि कथित तौर पर भ्रष्टाचार के मामलों में अरविंद केजरीवाल शामिल हैं. अरविंद केजरीवाल का नई दिल्ली विधानसभा सीट पर सीधे-सीधे मुकाबले पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित से है. इसलिए इस पोस्टर पर राहुल गांधी के अलावा अजय माकन और संदीप दीक्षित को भी शामिल किया है. साथ ही तबीयत ठीक होने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक-एक के बाद एक दिल्ली में कई रैलियां करने वाले हैं, जिसमें मुख्य निशाना केजरीवाल ही होंगे.

2013 के फॉर्मूले पर चुनाव लड़ना चाहते हैं केजरीवाल?

साल 2012 में नई पार्टी बनाने के बाद अरविंद केजरीवाल पहली बार 2013 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली में उतरे थे. तब केजरीवाल और उनकी पार्टी का पूरा का पूरा फोकस भ्रष्टाचार विरोध के मामले पर था. लोगों ने उनकी पार्टी और उनके एजेंडे को हाथों-हाथ लिया और 2013 में उन्हें कई सीटों पर जीत दिलवा दी. तब भी अरविंद केजरीवाल बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं पर सीधा हमला बोलते थे और उन्हें भ्रष्टाचारी घोषित कर देते थे. लेकिन इस बार समीकरण बदल गए हैं, क्योंकि अरविंद केजरीवाल पर ही भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे हैं. इसलिए अरविंद केजरीवाल के सामने चुनौती खुद को अकेला ईमानदार साबित करने की है और बाकी पार्टियों के नेताओं को बेईमान बताने की.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement