'मुझ पर 36 केस और 55 घंटे पूछताछ, ममता पर मेहरबानी क्यों?' राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

बंगाल में राहुल गांधी ने RSS-BJP पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई का दावा किया. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए एजेंसियों और राजनीति पर कई सवाल उठाए.

Advertisement
पश्चिम बंगाल में चुनावी मंच पर राहुल गांधी का आक्रामक तेवर देखने को मिला (Photo: PTI) पश्चिम बंगाल में चुनावी मंच पर राहुल गांधी का आक्रामक तेवर देखने को मिला (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:35 PM IST

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी हुगली जिले के सेरामपुर में एक बड़ी रैली करने पहुंचे. इस रैली में उन्होंने एक साथ तीन मोर्चों पर हमला बोला. BJP और RSS पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर और ममता बनर्जी की TMC पर भी. उन्होंने एक बड़ा सवाल उठाया कि मोदी सरकार ने उनके खिलाफ 36 केस किए, ED ने 55 घंटे पूछताछ की, लेकिन ममता बनर्जी पर एक भी केस क्यों नहीं? उनका जवाब था कि ममता BJP से सीधी लड़ाई नहीं लड़तीं इसलिए उन्हें छोड़ा हुआ है.

Advertisement

राहुल गांधी ने रैली में कहा कि इस देश में दो अलग-अलग सोच के बीच लड़ाई है. एक तरफ कांग्रेस है जो संविधान, एकता और भाईचारे की बात करती है. दूसरी तरफ BJP है जो उनके मुताबिक नफरत, हिंसा और अहंकार फैलाती है.

उन्होंने कहा कि RSS-BJP के लोग जहां भी जाते हैं नफरत फैलाते हैं और एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं. इसी के जवाब में कांग्रेस ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की जिसका संदेश था 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है.'

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की यात्राओं को 'भारत तोड़ो यात्रा' बताया और कहा कि वो 24 घंटे देश को तोड़ने का काम करते रहते हैं.

राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर ट्रंप वाला बड़ा आरोप क्या लगाया?

राहुल गांधी ने एक बड़ा आरोप लगाया कि मोदी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन असल में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप उन्हें कंट्रोल करते हैं. उन्होंने कहा कि मोदी ने अमेरिका के साथ एक ट्रेड डील यानी व्यापार समझौता किया जिसमें उन्होंने भारत का कृषि क्षेत्र, छोटे और मझोले उद्योग, और ऊर्जा सुरक्षा बेच दी. साथ ही देश का पूरा डेटा भी अमेरिका को दे दिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'डोनाल्ड ट्रंप कहेंगे पीएम मोदी कूद जाओ, तो वे कूद जाएंगे', बोले राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि कोई भी प्रधानमंत्री बिना दबाव के ऐसा काम नहीं कर सकता. उन्होंने सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, नेहरू और सरदार पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि ये नेता कभी किसी के आगे नहीं झुके, जेल गए, शहीद हुए. लेकिन जो प्रधानमंत्री मोदी '56 इंच की छाती' की बात करते हैं वो एक सेकंड में ट्रंप के सामने झुक जाते हैं.

राहुल ने ममता पर क्या बड़ा सवाल उठाया?

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने उनके खिलाफ 36 केस दर्ज किए हैं. ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने लगातार पांच दिनों तक 55 घंटे उनसे पूछताछ की. उनका घर छीना गया, लोकसभा की सदस्यता छीनी गई. वो अभी जमानत पर बाहर हैं और हर 10-15 दिन में झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार जैसे राज्यों में केसों के लिए जाना पड़ता है.

फिर उन्होंने सवाल पूछा कि ममता बनर्जी पर कितने केस हैं? ED ने उनसे कितने घंटे पूछताछ की? CBI ने उनकी जांच की? जवाब था शून्य.

राहुल का कहना था कि इसका कारण ये है कि ममता BJP से सीधे नहीं लड़तीं. चुनाव में BJP उनके खिलाफ बोलती है लेकिन जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म होंगे मोदी ममता के खिलाफ एक शब्द नहीं बोलेंगे.

Advertisement

बंगाल की हालत पर राहुल ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बंगाल में नौकरी पाने के लिए TMC में कोई रिश्तेदार होना जरूरी है, वरना नौकरी नहीं मिलती. उन्होंने पास के हिंदमोटर इलाके में बंद पड़ी हिंदुस्तान मोटर्स की फैक्ट्री का उदाहरण दिया और कहा कि बंगाल जो कभी देश का औद्योगिक केंद्र था पहले लेफ्ट ने और फिर TMC ने उसे बर्बाद कर दिया.

यह भी पढ़ें: ‘उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे’, शाह के बयान पर भड़कीं ममता, बोलीं- होम मिनिस्टर ऐसा कैसे कह सकते हैं?

उन्होंने शारदा और रोज वैली पोंजी घोटाले का जिक्र किया जिसमें हजारों करोड़ रुपए आम लोगों के डूबे. कोयला तस्करी और अवैध खनन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बंगाल में हर काम पर 'गुंडा टैक्स' लगता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement