भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया है. प्रधानमंत्री आवास के 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में आधे से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए.
सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित बड़ी रैली के बाद पार्टी अपनी पहली सूची जारी कर सकती है. केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब 160 उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई है. पीएम मोदी 14 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर जा रहे हैं. इसको लेकर बीजेपी ने मेगा प्लान तैयार किया है.
पहली लिस्ट में हो सकते हैं ये चेहरे
पार्टी ने ज्यादातर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका देने का फैसला किया है. पहली सूची में राज्य बीजेपी के कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल होंगे. इनमें विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं.
इसके अलावा, बीजेपी कुछ पूर्व सांसदों को भी विधानसभा चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में है. हालांकि इस बार पार्टी ने मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव न लड़ाने का फैसला किया है.
दो-तीन फेज में हो सकते हैं चुनाव
इधर, चुनाव आयोग की टीम के दौरे के बाद पश्चिम बंगाल में सियासी हलचल बढ़ गई है. माना जा रहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव तीन से दो चरण में कराए जा सकते हैं. इसको लेकर चुनाव आयोग के साथ कई राजनीतिक दल सहमत नजर आ रहे हैं.
बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने 9 मार्च को चुनाव आयोग की टीम से मुलाकात की और राज्य में सुरक्षा माहौल को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं. पार्टी ने 17 सूत्री ज्ञापन सौंपा, जिसमें चुनाव को निष्पक्ष और बिना हिंसा बनाने के लिए कई सुझाव दिए. बीजेपी ने मांग की कि चुनाव अधिकतम तीन चरणों में ही संपन्न हो, ताकि केंद्रीय सुरक्षा बलों का बेहतर इस्तेमाल हो सके और मतदाताओं में विश्वास बना रहे.
हिमांशु मिश्रा