असम विधानसभा चुनाव के बाद सामने आई एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट ने राज्य की राजनीति की दिलचस्प तस्वीर पेश की है. रिपोर्ट के मुताबिक, नए चुने गए करीब 17 प्रतिशत विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 85 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं.
ये रिपोर्ट विधानसभा चुनावों में जीतने वाले सभी 126 उम्मीदवारों के हलफनामों के विश्लेषण पर आधारित है. आंकड़ों के अनुसार, पिछले चुनाव के मुकाबले आपराधिक मामलों वाले विधायकों का अनुपात घटा है. 2021 में 27 फीसदी यानी 34 विधायकों पर आपराधिक केस थे, जो अब 17 फीसदी यानी 21 रह गए हैं.
गंभीर मामलों के आंकड़ों में भी कमी हुई है. 2026 में 19 MLA यानी 15 फीसदी ने गंभीर केस की जानकारी दी है, जबकि 2021 में यह संख्या 28 यानी 22 फीसदी थी. रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि 3 MLA ने हत्या के प्रयास से जुड़े केस घोषित किए हैं, जबकि 2 ने महिलाओं के खिलाफ अपराध की जानकारी दी है.
राजनीतिक दलों के बीच इस मामले में बड़ा अंतर देखने को मिला. BJP के 82 विधायकों में से 7 यानी 9 फीसदी पर आपराधिक मामले हैं. वहीं कांग्रेस के 19 विधायकों में से 9 यानी 47 फीसदी ऐसे मामलों का सामना कर रहे हैं. AIUDF के 2 विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक केस घोषणा की है.
रिपोर्ट में विधायकों की संपत्ति को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है. कुल 126 विधायकों में से 107 यानी 85 प्रतिशत करोड़पति हैं, जबकि 2021 में यह आंकड़ा 67 प्रतिशत था. सभी विजेताओं की कुल घोषित संपत्ति 1,112 करोड़ रुपए है. प्रति विधायक औसत संपत्ति 2026 में बढ़कर 8.82 करोड़ रुपए हो गई है.
पिछले चुनाव में प्रति विधायक औसत संपत्ति 4.59 करोड़ रुपए थी. पार्टीवार आंकड़ों में BJP के 90 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं. कांग्रेस में यह आंकड़ा 74 प्रतिशत और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट में 80 प्रतिशत है. AIUDF, AITC और Raijor Dal के सभी विजेताओं ने 1 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की है.
औसत संपत्ति के मामले में AIUDF सबसे आगे है, जहां प्रति विधायक औसत संपत्ति 117.77 करोड़ रुपए है. इसके बाद बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (9.92 करोड़) और BJP (7.50 करोड़) का स्थान है. कांग्रेस विधायकों की औसत संपत्ति 6.51 करोड़ है, जबकि असम गण परिषद के विधायकों की औसत संपत्ति 2.81 करोड़ है.
Raijor Dal के विधायकों की औसत संपत्ति 1.54 करोड़ रुपए दर्ज की गई है. सबसे अमीर विधायकों में AIUDF के मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल 226 करोड़ से अधिक की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं. उनके बाद बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट की सेवली मोहिलारी 63 करोड़ के साथ दूसरे स्थान पर हैं. हिमंत बिस्वा सरमा की संपत्ति 35 करोड़ है.
aajtak.in