‘अब से कार्यक्रम में ताबूत साथ लेकर जाएं’, विजय की रैली में एक की मौत, AIADMK ने कसा तंज

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रैली में 37 वर्षीय सूरज नाम के व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. सूरज मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और रैली में विजय को देखने पहुंचा था. इसको लेकर अब AIADMK ने तीखा हमला बोला है.

Advertisement
एक्टर से नेता बने विजय की रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे (Photo: PTI) एक्टर से नेता बने विजय की रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:33 PM IST

तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी की रैली में एक व्यक्ति की मौत के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है. घटना के बाद विपक्षी दल AIADMK ने तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भविष्य में उनकी रैली में शामिल होने वालों को ताबूत लेकर जाना पड़ेगा.

जानकारी के अनुसार, तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रैली में 37 वर्षीय सूरज नाम के व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. सूरज मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और रैली में विजय को देखने पहुंचा था. पुलिस के मुताबिक, रैली स्थल पर इंतजार करते समय उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सूरज पहले से दिल का मरीज था और उसकी एंजियोप्लास्टी भी हो चुकी थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब विजय अभी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे भी नहीं थे.

इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. AIADMK के प्रवक्ता कोवाई सत्यन ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि भविष्य में TVK की रैली में शामिल होने के लिए लोगों को अपना ताबूत साथ लेकर जाना पड़ेगा. उन्होंने इस बयान के साथ घाना के मशहूर ‘डांसिंग पलबेयरर्स’ समूह का वीडियो साझा करते हुए व्यंग्य किया.

वहीं, सत्तारूढ़ दल DMK के प्रवक्ता ए. सरवनन ने भी इस घटना को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले और कितनी जानें जाएंगी. सरवनन ने आरोप लगाया कि रैली स्थल पर लोगों के लिए छाया और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई थीं.

Advertisement

हालांकि TVK से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी पहले ही अपने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील कर चुकी थी कि बीमार या अस्वस्थ लोग रैली में शामिल होने से बचें. पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम में भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं.

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब TVK के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा पर सवाल उठे हैं. इससे पहले 27 सितंबर 2025 को करूर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई थी. उस घटना के बाद भी पार्टी पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement