छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित एक परीक्षा केंद्र में JEE Mains 2026 के दौरान नकल का एक अनोखा और हाईटेक मामला सामने आया है. एक परीक्षार्थी, आदित्य सिंह, ने अपनी चप्पल के अंदर बड़ी चतुराई से मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने की कोशिश की. हालांकि, परीक्षा केंद्र की सतर्क सुरक्षा व्यवस्था के कारण उसकी यह योजना पूरी तरह विफल हो गई. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी परीक्षार्थी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मेटल डिटेक्टर को भी दे दी थी मात
यह घटना 2 अप्रैल 2026 को भिलाई-3 थाना क्षेत्र के सिरसा कला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज में हुई. यहां नेशनल टेस्टिंंग एजेंसी (NTA) द्वारा JEE Mains की परीक्षा आयोजित की जा रही थी. प्रथम पाली में परीक्षार्थी आदित्य कुमार (आदित्य सिंह) परीक्षा दे रहा था.
हैरानी की बात यह है कि केंद्र में प्रवेश के दौरान जब मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही थी, तब उसने चालाकी से अपनी चप्पलें पहले ही उतार दी थीं. इस वजह से शुरुआती जांच में मोबाइल का पता नहीं चल सका और वह चप्पल पहनकर केंद्र के अंदर दाखिल हो गया.
वॉशरूम से लौटते वक्त खुली पोल
आरोपी छात्र की चोरी सुबह करीब 11:08 बजे पकड़ी गई. वह परीक्षा के दौरान बायो-ब्रेक के लिए वॉशरूम गया था. जब वह वहां से लौट रहा था, तब उसकी चाल देखकर सुरक्षा गार्ड को संदेह हुआ. गार्ड ने गौर किया कि छात्र सामान्य रूप से चलने के बजाय चप्पल घसीटते हुए और थोड़ा लंगड़ा कर चल रहा था.
संदेह होने पर जब गार्ड और वहां मौजूद स्टाफ ने उसकी चप्पल उतरवाकर जांच की, तो सबके होश उड़ गए. छात्र ने चप्पल को बीच से काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया हुआ था. घटना की जानकारी तुरंत परीक्षा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, मोबाइल जब्त
कॉलेज प्रबंधन के निर्देश पर डायल 112 के जरिए तुरंत पुलिस को बुलाया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने सुकमा (बस्तर) के रहने वाले आरोपी युवक आदित्य सिंह को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे पुरानी भिलाई थाने ले जाया गया.
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 09 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की नकल या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
क्या बोले अधिकारी?
सत्य प्रकाश तिवारी, सी.एस.पी. भिलाई नगर, छत्तीसगढ़ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सिरसा कला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज में IIT-JEE Mains परीक्षा का आयोजन किया गया था. इस दौरान छात्र आदित्य सिंह द्वारा अपनी चप्पल में मोबाइल छिपाकर नकल करने का प्रयास किया जा रहा था. जब वह बाथरूम से वापस आ रहा था, तो स्टाफ ने उसे लंगड़ा कर चलते देखा. संदेह के आधार पर चेकिंग करने पर चप्पल से मोबाइल बरामद हुआ. छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रघुनंदन पंडा