अगर आप 16 से 20 फरवरी के बीच दिल्ली में बाहर निकलने वाले हैं, तो पहले से योजना बना लें. शहर में AI Impact Summit 2026 भारत मंडपम में होने जा रहा है. इसी दौरान 17 फरवरी से CBSE कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं. वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा के कारण कुछ इलाकों में ट्रैफिक पर रोक, डायवर्सन और सख्ती रहेगी. पुलिस ने कहा है कि छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में पूरी मदद की जाएगी.
4,200 ट्रैफिक कर्मी तैनात
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 4,200 कर्मियों को 10 जोन में तैनात किया है. भारत मंडपम, सुषमा स्वराज भवन और हैदराबाद हाउस के आसपास सुरक्षा कड़ी रहेगी. वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए रास्ते बंद किए जा सकते हैं.
AI Impact Summit को लेकर सड़कों पर रहेगी सख्ती
वीआईपी मूवमेंट के दौरान इन सड़कों पर आम वाहनों की एंट्री रोकी जा सकती है:
इसके अलावा मथुरा रोड, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, कर्तव्य पथ, सफदरजंग रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा.
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन
जो वाहन दिल्ली नहीं आ रहे हैं, उन्हें ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जाएगा, ताकि शहर में जाम कम हो. एम्बुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी.
यह मुख्य रूट खुला रहेगा
दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक बड़ा नॉर्थ–साउथ कॉरिडोर बिना रोक के चलेगा:
रिंग रोड – आश्रम चौक – सराय काले खां – राजघाट – आईएसबीटी कश्मीरी गेट – आजादपुर – पंजाबी बाग – धौला कुआं – AIIMS – आश्रम चौक
यह रास्ता शहर में आवाजाही के लिए अहम रहेगा.
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री ध्यान दें
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए वैकल्पिक रास्ते बताए गए हैं. यात्रियों को सलाह है कि वे अतिरिक्त समय लेकर निकलें.
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए सलाह
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जाने के लिए पुलिस ने मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह दी है. सड़क से जाने वालों के लिए अलग-अलग इलाकों से वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं. वीआईपी मूवमेंट के समय बस और टैक्सी के रूट में अस्थायी बदलाव हो सकता है.
CBSE छात्रों के लिए खास इंतजाम
17 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं. देश-विदेश में 46 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे. वीआईपी रूट पर पड़ने वाले 10 स्कूलों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. पुलिस ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों की मदद करें.
छात्र और अभिभावक समय से पहले घर से निकलें और अतिरिक्त समय रखें.
क्या करें?
घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखें.
एयरपोर्ट और सेंट्रल दिल्ली के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें.
वीआईपी रूट से बचें
रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्र के लिए अतिरिक्त समय रखें. दिल्ली पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है. सुरक्षा कारणों से अस्थायी रोक लगाई जा रही है, लेकिन वैकल्पिक रास्तों से शहर में आवाजाही जारी रहेगी. आने वाले कुछ दिनों में दिल्लीवासियों को थोड़ी सावधानी और धैर्य की जरूरत होगी.
श्रेया चटर्जी