केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन से जुड़ी प्रक्रिया के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं. बोर्ड ने कॉपियों की जांच में शामिल शिक्षकों को चेतावनी दी है कि वे इस प्रक्रिया से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और मूल्यांकन काम से जुड़ी गोपनीयता बनाए रखें. इस निर्देश के साथ ही CBSE ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए शिक्षकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है.
इसे लेकर अधिकारियों ने कहा कि बोर्ड ने देखा है कि कुछ मूल्यांकनकर्ता (एग्जाम कॉपी जांचने वाले) ऑनलाइन अपने अनुभव और नंबर देने की प्रक्रिया के बारे में बातें शेयर कर रहे हैं. बोर्ड का मानना है कि इससे छात्रों और अभिभावकों में भ्रम पैदा हो सकता है.
मूल्यांकन से जुड़ी जानकारी साझा करने पर लगी रोक
इसे लेकर CBSE ने साफ कर दिया है कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड एग्जाम की कॉपियों की जांच कर रहे शिक्षक किसी तरह की जानकारी सोशल मीडिया जैसे सार्वजनिक मंचों पर शेयर न करें. इनमें से कई पोस्ट गलत और भ्रामक हैं, जो छात्रों और अभिभावकों में भ्रम और अफवाह फैला सकती हैं. बोर्ड ने कहा है कि कॉपी जांच, नंबर देने की प्रक्रिया या अंदर की बातों को सोशल मीडिया या किसी भी सार्वजनिक जगह पर शेयर नहीं करना चाहिए.
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे प्रक्रिया
बता दें कि कुछ Evaluators सोशल मीडिया पर कॉपी चेकिंग से जुड़े वीडियो या पोस्ट शेयर कर रहे हैं. इसे लेकर बोर्ड की संज्ञान में कई बातें सामने आई है, जिसपर उनका कहना है कि इस तरह के पोस्ट छात्रों और अभिभावकों में भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं जिसके बाद से CBSE ने साफ चेतावनी दी है.
हो सकती है कानूनी कार्रवाई
CBSE ने जारी किए सर्कुलर में कहा है कि परीक्षा और जांच से जुड़ी किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है. बोर्ड ने इस बात का भी जिक्र किया है कि CBSE के नाम, लोगो या भवन की तस्वीरें का इस्तेमाल कर लोग कई तरह के गलत वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं. ऐसे में इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की गई है. अगर कोई इस नियम का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in