मेक्सिको में कितने ड्रग कार्टेल हैं, मेंचो के मारे जाने के बाद अब किसका चलेगा राज

मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग कार्टेल लीडर'एल मेंचो' की मौत ने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (जेलिस्को कार्टेल) को बड़ा झटका दिया है. फिर भी लोगों का मानना ​​है कि इससे इस शक्तिशाली समूह का अंत नहीं होगा. ऐसे में जानते हैं मेक्सिको में अब भी कितने ड्रग कार्टेल एक्टिव हैं और आगे एल मेंचो के गैंग का क्या होगा.

Advertisement
 मेक्सिको के खूंखार ड्रग कार्टेल लीडर की मौत के बाद उसके उत्तराधिकारी को लेकर छिड़ सकती है जंग (Photo - ITG) मेक्सिको के खूंखार ड्रग कार्टेल लीडर की मौत के बाद उसके उत्तराधिकारी को लेकर छिड़ सकती है जंग (Photo - ITG)

सिद्धार्थ भदौरिया

  • नई दिल्ली,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:30 PM IST

दुनिया के सबसे शक्तिशाली ड्रग तस्करों में से एक नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस या 'एल मेंचो' मारा गया है, लेकिन सवाल यह बना हुआ है कि क्या उसकी मौत के साथ उसका कार्टेल भी खत्म हो गया या फिर अब कोई और इसे चलाएगा. इसके साथ ही मैक्सिको में सक्रिय दूसरे कार्टेल पर भी नजर डालेंगे और उस संगठन की भी कहानी बताएंगे जिसकी टक्कर 'एल मेंचो' के जेलिस्को कार्टेल से होता रहा है. 

Advertisement

जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (कार्टेल जलिस्को नुएवा जेनरेशन, या सीजेएनजी) के नेता, नेमेसियो रूबेन ओसेगुएरा सर्वेंट्स या एल मेंचो की हत्या ने जलिस्को सहित कई मैक्सिकन राज्यों में हिंसा की लहर पैदा कर दी है. अब जलिस्को कार्टेल का आगे क्या होगा, इस बारे में जानने से पहले इस खतरनाक ड्रग कार्टेल लीडर और उसके खूंखार गैंग की कहानी समझना जरूरी है. 

जालिस्को कार्टेल मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संगठनों में से एक है. लगभग 2009-2010 में स्थापित, यह समूह मिलेनियो कार्टेल के अवशेषों से उभरा और तेजी से देश के ड्रग व्यापार में एक प्रमुख शक्ति के रूप में खड़ा हो गया. 

नेमेसियो रूबेन ओसेगुएरा से एल मेंचो बनने का सफर 
द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एल मेंचो मूल रूप से जेलिस्को के पड़ोसी राज्य मिचोआकान के अगिलिला का रहने वाला था. वह 1990 के दशक से ही ड्रग्स तस्करी में  सक्रिय रूप से शामिल हो गया था. कम उम्र में ही वह अमेरिका चला गया, जहां 1994 में उत्तरी कैलिफोर्निया की अमेरिकी जिला अदालत में उसे हेरोइन डिस्ट्रिब्यूशन  की साजिश रचने के आरोप में दोषी ठहराया गया और उसने लगभग तीन साल जेल में बिताए.

Advertisement

कैलिफोर्निया की जेल से रिहाई के बाद वह मैक्सिको लौट आया और ड्रग लॉर्ड इग्नासियो कोरोनेल विलारियल उर्फ ​​"नाचो कोरोनेल" के साथ मिलकर फिर से ड्रग तस्करी की गतिविधियों में जुट गया. इग्नासियो कोरोनेल विलारियल मिलेनियो कार्टेल चलाता था, जो एक तरह से सिनालोआ कार्टेल का ब्रांच था. विलारियल की मौत के बाद मिलेनियो कार्टेल टूटने लगा. 

एल मेंचो और विलारियल के परिवार के एरिक वालेंसिया सालज़ार उर्फ ​​"एल 85" ने लगभग 2007 में एक अलग कार्टेल सीजेएनजी या जेलिस्को कार्टेल की स्थापना की. इस तरह अल मेंचो जो शुरू में वे सिनालोआ कार्टेल के लिए काम करता था, बाद में  वह उससे अलग हो गया और वर्षों से दोनों कार्टेल पूरे मेक्सिको में अलग-अलग क्षेत्र पर कब्जा करने के लिए लड़ने लगे.

दुश्मनों के सिर कलम कर लटका देता था मेंचो
एल मेंचो ने जलिस्को कार्टेल को मेक्सिको के सबसे खूंखार आपराधिक संगठनों में से एक बना दिया. न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, देश में सिर कलम करने , शरीर के टुकड़े करने और पुलों से लटकते शवों जैसी घटनाओं ने इसकी क्रूरता को दर्शाया. यह कार्टेल दुनिया के सबसे बड़े कोकीन डीलरों और सबसे बड़े मेथ डीलरों में से एक बन गया, लेकिन इसने फेंटानिल से काफी हद तक दूरी बनाए रखी थी. बाद में जेलिस्को कार्टेल ने कोकीन और फेंटानिल की तस्करी को अमेरिका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक फैला दिया.

Advertisement

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने जब 2024 के अंत में सत्ता संभाली , तो उन्होंने सिनालोआ राज्य में सैकड़ों सैनिकों को तैनात किया, जो उनके चुनाव से कुछ समय पहले संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा सिनालोआ कार्टेल के शीर्ष नेताओं में से एक को गिरफ्तार करने के बाद आंतरिक कलह से त्रस्त था.

यह भी पढ़ें: पाब्लो एस्कोबार से एल मेंचो तक... वो ताकतवर ड्रग लॉर्ड, जिनसे अमेरिका भी डरता था!

सिनालोआ पर मैक्सिकन सरकार के ध्यान केंद्रित करने से जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल को फायदा हुआ, जिसने अपने क्षेत्र और सदस्यों का विस्तार किया. आपसी कलह के चलते सिनालोआ समूह के एक शक्तिशाली गुट, "चैपिटोस" ने पिछले साल जलिस्को समूह के साथ गठबंधन कर लिया. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस गठबंधन ने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल को दुनिया का सबसे शक्तिशाली ड्रग संगठन बना दिया.

एल मेंचो का कौन होगा उत्तराधिकारी 
रविवार को जब मैक्सिकन सुरक्षा बलों ने एल मेंचो को मार गिराया है तो अब कुछ विश्लेषकों का मानना ​​है कि यह कार्टेल का अंत नहीं है. अब इस गिरोह का अस्तित्व इस बात पर निर्भर करता है कि वह कितनी जल्दी उत्तराधिकारी नियुक्त कर पाता है और एकजुट हो पाता है, अन्यथा आंतरिक गुटों के बीच सत्ता के लिए लड़ाई के कारण यह खंडित हो सकता है.

Advertisement

एक सुरक्षा सलाहकार डेविड सॉसेडो ने कहा कि अधिकांश मैक्सिकन कार्टेल वंशवादी हैं, और सबसे साफ-सुथरे उत्तराधिकार वे होते हैं जो सत्ता को परिवार के भीतर ही रखते हैं. मेंचो के कई भाइयों को गिरफ्तार किया जा चुका है. साथ ही उनके बेटे को भी 2020 में अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया है. उस समय तक वो जलिस्को कार्टेल का एक शीर्ष कमांडर था. 

एल मेंचो की विधवा है प्रबल दावेदार
रोसलिंडा गोंजालेज वालेंसिया, जो अब मेंचो की विधवा हैं, सत्ता के लिए दावेदारी पेश कर सकती हैं. वह खुद एक ड्रग लॉर्ड की बेटी है और कार्टेल की सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय संचालकों में से एक हैं. रोसलिंडा के पिता एक समय मिलेनियो कार्टेल चलाते थे, जिसके लिए एल मेंचो काम करता था. अब उनका नाम भी जलिस्को कार्टेल के अगले लीडर के रूप में सामने आ रहा है.

सौसेडो ने कहा कि पुरुषवादी सोच से भरे माहौल में मेक्सिको में किसी महिला के लिए आपराधिक संगठन की कमान संभालना मुश्किल है. इसके बजाय, अगर मेंचो के चार कमांडरों में से कोई आपस में सहमत हो जाता है, तो उनमें से कोई एक नेतृत्व संभाल सकता है.अन्यथा, उत्तराधिकार का युद्ध छिड़ जाएगा.

एक और सवाल यह है कि क्या मैक्सिकन सरकार दो मोर्चों पर युद्ध जारी रख सकती है - वह सिनालोआ कार्टेल के खिलाफ भी एक खूनी लड़ाई लड़ रही है, जो जलिस्को समूह का कट्टर दुश्मन है. इसे समझने के लिए एल मेंचो और उसके ड्रग कार्टेल की कहानी के अलावा मेक्सिको में एक्टिव दूसरे ड्रग कार्टेल्स के बारे में भी जानना जरूरी है.

Advertisement

मेक्सिको में एक्टिव हैं 6 खतरनाक ड्रग कार्टेल
मेक्सिको में 6 ऐसे खूंखार ड्रग कार्टेल सक्रिय हैं, जिनकी अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के तौर पर की है और इनके खिलाफ ऑपरेशन चलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. संयुक्त राज्य अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट ने कार्टेल डी सिनालोआ, कार्टेल डी जलिस्को नुएवा जेनेरासिओन (सीजेएनजी), कार्टेल डेल नोरेस्टे (सीडीएन), ला नुएवा फैमिलिया मिचोआकाना (एलएनएफएम), कार्टेल डी गोल्फो (सीडीजी), और कार्टेल्स यूनिडोस (सीयू) को मेक्सिको में एक्टिव घातक ड्रग स्मगलिंग गैंग के तौर पर चिह्नित कर रखा है. 

कार्टेल डी सिनालोआ या सिनालोआ कार्टेल
सिनालोआ कार्टेल एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसका मुख्यालय मेक्सिको के सिनालोआ शहर में है. यह दुनिया के सबसे शक्तिशाली ड्रग कार्टेल में से एक है और अमेरिका में फेंटानिल और अन्य अवैध ड्रग्स का सबसे बड़ा सप्लायर है. सिनालोआ कार्टेल नागरिकों, सरकारी अधिकारियों और पत्रकारों की हत्या, अपहरण और उन्हें डराने-धमकाने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करता है. 

कार्टेल डी जलिस्को नुएवा जेनेरासिओन (सीजेएनजी)
मेक्सिको का दूसरा सबसे खतरनाक कार्टेल एल मेंचो का सीजेएनजी है. इसकी मौजूदगी मेक्सिको के लगभग हर हिस्से में है. फेंटानिल की तस्करी के अलावा, यह गैंग जबरन वसूली, प्रवासी तस्करी, तेल और खनिज चोरी के साथ हथियारों के व्यापार में भी शामिल है. इस समूह के संपर्क अमेरिका के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया, चीन और दक्षिण पूर्व एशिया में भी हैं. सीजेएनजी ने हिंसा की कई भयावह घटनाओं को अंजाम दिया है. इनमें मिलिट्री के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों से मेक्सिको की सेना और पुलिस पर हमले, ड्रोन का इस्तेमाल करके मेक्सिको के लॉ इन्फोर्समेंट अधिकारियों पर विस्फोटक गिराना और मेक्सिको के अधिकारियों की हत्या या हत्या के प्रयास शामिल हैं.

Advertisement

कार्टेल डेल नोरेस्टे (सीडीएन)
सीडीएन, जिसे पहले लॉस जेटास के नाम से जाना जाता था. यह कार्टेल पूर्वोत्तर मेक्सिको में स्थित एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो मादक पदार्थों की तस्करी, अपहरण, जबरन वसूली, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल है. सीडीएन अपने आपराधिक नियंत्रण को कायम रखने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करता है, जिसमें मेक्सिको में सरकारी अधिकारियों पर हमले भी शामिल हैं.

ला नुएवा फैमिलिया मिचोआकाना (एलएनएफएम)
ला फैमिलिया मिचोआकाना की उत्तराधिकारी संस्था एलएनएफएम या ला फैमिलिया मिचोआकाना है, जो प्रशांत तट पर स्थित मिचोआकान राज्य में स्थित एक हिंसक अंतरराष्ट्रीय संगठन है. यह मेक्सिको के गुरेरो, मोरेलोस और मेक्सिको राज्यों में भी सक्रिय है. ड्रग्स की तस्करी, अपहरण और जबरन वसूली के अलावा, एलएनएफएम सरकारी अधिकारियों पर हमले करती है और ड्रोन हमलों और विस्फोटकों सहित हिंसा का इस्तेमाल करके अपना आपराधिक नियंत्रण स्थापित करती है और समुदायों में आतंक फैलाती है.

कार्टेल डी गोल्फो (सीडीजी)
सीडीजी पूर्वोत्तर मेक्सिको में स्थित एक हिंसक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो ड्रग्स व अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, अपहरण, जबरन वसूली, मानव तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल है. सीडीजी जनता को डराने और क्षेत्र पर नियंत्रण रखने के लिए हिंसा का सहारा लेता है, जिसमें नागरिकों और सरकारी अधिकारियों की हत्याएं भी शामिल हैं.

Advertisement

कार्टेल्स यूनिडोस (सीयू)
सीयू एक हिंसक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसका गठन मेक्सिको के मिचोआकान में कई गिरोहों और अन्य समूहों के गठबंधन से हुआ है. अपनी स्थापना के बाद से सीयू हिंसक गतिविधियों में शामिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कई नागरिक, सैन्यकर्मी और कानून प्रवर्तन अधिकारी हताहत हुए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement