दिल्ली में एक सड़क हादसे के दौरान साहिल की मौत का मामला लोग भूले नहीं हैं. जिसमें एक नाबालिग की कार ने साहिल को जोरदार टक्कर मारी थी और उसकी मौत हो गई थी. इस मामले में नाबालिग को तो जमानत मिल गई, लेकिन साहिल की मां इंसाफ की मांग कर रही है. ऐसा ही एक चौंकाने वाली घटना अब केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) से सामने आई है. हालांकि उसमें दो किशोर बाल-बाल बच गए.
महज 14 साल के एक लड़के ने अपने स्कूल फ्रेंड के साथ मिलकर आधी रात को अपने घर से कार निकाल ली. इतना ही नहीं, उसने अपने माता-पिता को घर के अंदर बंद कर दिया और शहर में जॉयराइड पर निकल गया. रात को करीब 2 बजे कार हादसे का शिकार हो गई और सड़क किनारे कई फीट नीचे जा गिरी. गनीमत रही कि दोनों नाबालिग लड़के इस हादसे में बाल-बाल बच गए.
आधी रात की जॉयराइड बनी मुसीबत
यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे की है. 14 साल का लड़का अपने एक स्कूल दोस्त के साथ परिवार की कार लेकर निकल पड़ा. बताया गया है कि उसने पहले अपने माता-पिता को घर के अंदर बंद कर दिया था. इसके बाद दोनों शहर में घूमने के लिए निकल गए. उनकी यह जॉयराइड कन्नम्मूला इलाके से शुरू हुई. लेकिन यह सफर आगे चलकर एक बड़े हादसे में बदल गया.
रेलिंग तोड़कर कई फीट नीचे गिरी कार
जब कार करमना (Karamana) इलाके में पहुंची तो हादसा हो गया. कार सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए कई फीट नीचे जा गिरी. टीवी चैनलों पर दिखाए गए विजुअल्स में कार पलटी हुई नजर आई. हादसा करमना-थंपानूर रोड पर हुआ. रात का समय होने के कारण सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था. वरना यह दुर्घटना और भी गंभीर हो सकती थी.
चमत्कारिक रूप से बची दोनों की जान
पुलिस के मुताबिक यह किसी चमत्कार से कम नहीं था. कार कई फीट नीचे गिरने के बावजूद दोनों लड़कों को गंभीर चोट नहीं आई. दोनों खुद ही किसी तरह ऊपर सड़क तक चढ़ आए. स्थानीय लोगों और पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तो सभी हैरान रह गए. इतने बड़े हादसे के बाद सुरक्षित बच निकलना वाकई चौंकाने वाला था. डॉक्टरों ने भी इसे बड़ी राहत की बात बताया.
माता-पिता के सामने ऐसे आई सच्चाई
जब पुलिस ने घर पहुंचकर माता-पिता को सूचना दी, तब उन्हें पूरी घटना का पता चला. उन्हें यह भी समझ आया कि बच्चे ने उन्हें घर में बंद कर कार निकाली थी. करमना पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि मामला गंभीर है. माता-पिता इस घटना से सदमे में हैं. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा ऐसा कदम उठा सकता है.
कार मालिक मां के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. कार की रजिस्टर्ड मालिक आरोपी बच्चे की मां है. इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. यह केस मोटर व्हीकल्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. क्योंकि वाहन नाबालिग द्वारा चलाया जा रहा था. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है. मामले में अभिभावकों की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में है.
बच्चों के ऐसे मामलों से पुलिस चिंतित
पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं. कुछ बच्चे माता-पिता को घर में बंद कर बाहर घूमने निकल जाते हैं. कुछ तो घर से भागने तक की कोशिश करते हैं. यह घटना भी उसी बढ़ती प्रवृत्ति का हिस्सा मानी जा रही है. प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों पर नजर रखने की अपील की है. साथ ही उन्हें समझाने और जिम्मेदारी सिखाने पर जोर दिया है.
aajtak.in