महाराष्ट्र के नागपुर शहर में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां एक नवनिर्वाचित बीजेपी कॉर्पोरेटर के पति पर चाकू से हमला कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक, घायल व्यक्ति की पहचान नितिन शाम शिमले (39) के रूप में हुई है. वह बीजेपी कॉर्पोरेटर मानसी शिमले के पति हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कोतवाली थाना क्षेत्र की वारदात
यह पूरी घटना नागपुर के कोतवाली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में रविवार देर रात हुई. पुलिस अधिकारी के अनुसार, नितिन शिमले और आरोपी के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी ने नितिन पर चाकू से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया.
पुराना विवाद बना हमले की वजह
पुलिस ने आरोपी की पहचान महेश उर्फ सोनू गणेश ठाकरे (35) के रूप में की है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश थी. रविवार रात इसी रंजिश के चलते दोनों आमने-सामने आ गए. कहासुनी के दौरान माहौल इतना बिगड़ गया कि आरोपी ने चाकू निकालकर नितिन शिमले पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, वारदात के तुरंत बाद आरोपी भाग निकला. फिलहाल उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है.
फरार आरोपी की तलाश जारी
हमले में गंभीर रूप से घायल नितिन शिमले को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है. डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
aajtak.in