प्यार के महीने में नफरत की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. गुरुग्राम के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अंशुल ने अपनी बैंककर्मी पत्नी महक की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी पति ने पुलिस को गुमराह करने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन एक छोटी-सी चूक ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
रविवार शाम को अंशुल अपनी पत्नी महक को उसके मायके (हांसी) से लेकर गुरुग्राम के लिए निकला था. कार में महक को सुनहरे सपनों का अहसास था, लेकिन अंशुल के दिमाग में कत्ल की साजिश चल रही थी.
झज्जर के पाहसौर गांव के पास पहुंचते ही अंशुल ने वारदात को अंजाम दिया. उसने पहले महक का गला घोंटा और फिर कैंची से उसके गले पर कई वार कर दिए. हत्या के बाद आरोपी ने महक की लाश को पास के एक रजवाहे (नहर) में फेंक दिया.
कत्ल के बाद अंशुल ने पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी कि ''कुछ लोग आए, गाड़ी रुकवाई, मेरे साथ मारपीट की और पत्नी को मारकर गाड़ी छीन ले गए.''
थाना प्रभारी सुरेश कुमार के मुताबिक, अंशुल की बातों में विरोधाभास था. जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना गुनाह कुबूल कर लिया. उसने बताया कि वह हत्या के लिए कैंची घर से ही साथ लेकर चला था.
चरित्र पर संदेह और 'वो'
पुलिस की शुरुआती जांच में जो कड़वी सच्चाई सामने आई है कि महक बैंक में काम करती थी. अपने साथी कर्मचारियों से काम के सिलसिले में फोन पर बात करना अंशुल को नागवार गुजरता था. उसे महक के चरित्र पर संदेह था.
महक दो महीने की गर्भवती थी. अंशुल ने अपनी पत्नी के साथ-साथ अपने होने वाले बच्चे की भी जान ले ली. आरोपी ने 14 फरवरी को महक के साथ वेलेंटाइन डे मनाया ताकि किसी को शक न हो और फिर अगले ही दिन उसे मार दिया.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम के चार्टर्ड अकाउंटेंट ने बैंककर्मी पत्नी को कैंची से रेता... दो माह की प्रेग्नेंट थी महक
बादली थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके.
प्रथम शर्मा