अपना प्रॉपर्टी बेचना लाइफ के सबसे बड़े फैसलों में से एक होता है. हर कोई यही चाहता है कि उसकी प्रॉपर्टी की सही दाम मिले. लेकिन सिर्फ बिकाऊ है का बोर्ड लगाने से काम नहीं चलता. आजकल के खरीदार काफी स्मार्ट हो गए हैं और हर छोटी-बड़ी चीज़ को परखकर ही पैसा लगाते हैं.
कभी-कभी छोटी-छोटी बातें, जिन्हें हम नजरअंदाज कर देते हैं, वही हमारी डील को प्रभावित कर देती हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपकी प्रॉपर्टी मार्केट में सबसे अलग दिखे और खरीदार पहली नजर में इसे पसंद कर लें, तो इन आसान उपायों को अपनाएं. ये न सिर्फ आपकी प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ाएंगे बल्कि आपको सही सौदा दिलाने में भी मदद करेंगे.
1. सही कीमत तय करना सबसे जरूरी
घर बेचते समय सबसे बड़ी चुनौती सही दाम तय करना होता है. अगर कीमत बहुत ज्यादा होगी तो खरीदार पास भी नहीं आएंगे और अगर बहुत कम होगी तो आपका नुकसान होगा. इसलिए, अपने आसपास हाल ही में बिकी हुई वैसी ही प्रॉपर्टी के रेट्स की तुलना करें. हमेशा एक ऐसा व्यावहारिक दाम रखें जो खरीदार को वाजिब लगे और उन्हें आपकी डील आकर्षक लगे.
यह भी पढ़ें: देश के सबसे महंगे घर मुंबई में, क्या है इस शहर की लग्जरी ताकत?
2. घर की चमक और सफाई पर ध्यान दें
कहते हैं न, जो दिखता है वही बिकता है. घर बेचते समय खरीदार को आकर्षित करने के लिए यह सबसे जरूरी है कि घर अंदर और बाहर दोनों तरफ से पूरी तरह साफ-सुथरा लगे. इसलिए घर से फालतू का कबाड़ और पुराना सामान हटा दें, ताकि कमरे बड़े और खुला नजर आएं. साथ ही, अगर दीवारों की पपड़ी उखड़ी है, स्विच टूटे हैं या नल टपक रहा है, तो उन्हें तुरंत ठीक करवा लें. हल्का नया पेंट और छोटी-मोटी मरम्मत करने से भी आपके घर की वैल्यू कई गुना बढ़ सकती है.
3. शानदार फोटो और वीडियो का कमाल
आजकल ज्यादातर लोग प्रॉपर्टी सबसे पहले इंटरनेट पर ही देखते हैं. ऐसे में अगर आपके घर की फोटो अच्छी नहीं होगी, तो कोई उसे देखने नहीं आएगा. इसलिए, अच्छी रोशनी में अपने घर की कुछ बेहतरीन फोटो और वीडियो खींचें. अगर हो सके तो एक छोटा सा 'वर्चुअल टूर' वीडियो भी बना लें ताकि खरीदार घर बैठे ही आपके मकान का कोना-कोना देख सके. आपकी ऑनलाइन लिस्टिंग जितनी प्रोफेशनल होगी, खरीदार उतनी ही जल्दी आपकी तरफ खिंचे चले आएंगे.
यह भी पढ़ें: नया प्लॉट खरीदने जा रहे हैं? जेब ढीली करने से पहले चेक कर लें ये दस्तावेज
4. मार्केटिंग के हर प्लेटफॉर्म का करें इस्तेमाल
अपनी प्रॉपर्टी को सिर्फ भरोसे पर न छोड़ें, बल्कि उसकी सही तरीके से मार्केटिंग करें. आज के दौर में कई ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और रियल एस्टेट पोर्टल्स मौजूद हैं जहां आप अपना घर 'वेरिफाइड प्रॉपर्टी' के तौर पर लिस्ट कर सकते हैं. इसके साथ ही, फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स का भी सहारा लें ताकि आपके आसपास के लोगों को भी पता चल सके. अगर आप किसी ब्रोकर की मदद ले रहे हैं, तो ध्यान रखें कि वह अनुभवी हो और आरईआरए (RERA) में रजिस्टर्ड हो, ताकि आपकी डील सुरक्षित रहे.
5. कागजी कार्रवाई को हमेशा रेडी रखें
जब कोई खरीदार घर पसंद कर लेता है, तो वह सबसे पहले उसके कागज देखना चाहता है. अगर उस समय आपके पास दस्तावेज पूरे नहीं होंगे, तो बनी-बनाई डील हाथ से निकल सकती है. इसलिए सेल डीड, टैक्स रिकॉर्ड, बिल्डिंग प्लान और बाकी सभी कानूनी कागज पहले से ही संभालकर एक फाइल में तैयार रखें. कागजों में जितनी स्पष्टता और सफाई होगी, खरीदार का भरोसा आप पर उतना ही बढ़ेगा और डील उतनी ही जल्दी फाइनल हो जाएगी.
aajtak.in