शेयर बाजार में पैसे लगाने वालों के लिए बुधवार को दिन शानदार साबित हुआ. सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स ने तूफानी शुरुआत की और फिर रॉकेट की तरह भागते हुए जबर्दस्त उछाल के साथ क्लोजिंग की. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अंत में 2946 अंक चढ़कर 77,562 पर बंद हुआ, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 873 अंकों की उछाल लेकर 24,000 के बिल्कुल करीब पहुंचकर बंद हुआ.
बाजार में दिनभर रही इस तेजी के बीच तमाम दिग्गज कंपनियों के शेयर धुआंधार रफ्तार के साथ भागे. IndiGo से लेकर Hindustan Petroleum तक और Reliance से लेकर Bajaj तक के शेयरों ने खूब गदर मचाया.
निवेशकों ने छाप डाले 16 लाख करोड़ रुपये
बीएसई का सेंसेक्स बुधवार को अपने पिछले बंद 74,616 की तुलना में जोरदार तेजी लेकर 77,290 पर खुला था और दिनभर के कारोबार के दौरान 77,635 तक उछला था. मार्केट क्लोज होने तक ये रफ्तार जारी रही और अंत में सेंसेक्स 2946.32 अंक या 3.95 फीसदी की तेजी लेकर 77,562.90 के लेवल पर क्लोज हुआ.
एनएसई निफ्टी की चाल को देखें, तो ये सेंसेक्स के जैसी ही रही. Nifty ने पिछले बंद 23,123 के मुकाबले बढ़त के साथ 23,855 पर कारोबार की शुरुआत की और फिर कुछ दी देर बाद 24,000 का स्तर पार कर लिया. हालांकि, अंत में इसकी रफ्तार मामूली धीमी जरूर पड़ी, लेकिन फिर भी 50 शेयरों वाला ये इंडेक्स 873.70 अंक या 3.78 फीसदी की उछाल के साथ 23,997.35 के लेवल पर बंद हुआ.
ये शेयर बने मार्केट के 'HERO'
बुधवार को शेयर बाजार के हीरो साबित हुए शेयरों के बारे में बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद बीएसई लार्जकैप में शामिल Adani Green Share (11%), IndiGo Share (8.22%), LT Share (7.64%), Bajaj Finance Share (7.03), Maruti Share (6.33%), HDFC Bank Share (5.71%), Adani Ports Share (5.28%) और Reliance Share 3.30% की बढ़त लेकर बंद हुए.
मिडकैप में शामिल शेयरों की बात करें, तो Ashok Leyland Share (12.65%), Hindustan Petroleum (10%) की तेजी लेकर क्लोज हुए. इसके अलावा स्मॉलकैप कंपनियों में शामिल Chola Holding Share (16.55%), PGEL Share (9.46%), Angel One Share (8.72%) की बढ़त लेकर बंद हुए.
16 लाख करोड़ रुपये की कमाई
शेयर बाजार में आई इस जोरदार तेजी के चलते बाजार में पैसे लगाने वाले निवेशकों ने ताबड़तोड़ कमाई की. एक झटके में बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 16 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया. बता दें कि बीते कारोबारी दिन ये 4,29,26,308.76 करोड़ रुपये था, जो बुधवार को मार्केट क्लोज होने पर 4,45,57,571.45 दर्ज किया गया. यानी निवेशकों ने 16,31,263 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली.
बाजार में तेजी के बड़े कारण
शेयर बाजार में तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिका में ईरान में सीजफायर की खबर रही, जिसके आते ही न सिर्फ भारतीय शेयर बाजार, बल्कि एशियाई बाजार भी बमबम नजर आए. युद्ध खत्म होने की उम्मीद के बीच क्रूड की कीमतों में तगड़ा गिरावट आई और ब्रेंड 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया, इसके अलावा रुपये में मजबूती ने भी शेयर बाजार को सपोर्ट दिया.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क