शेयर बाजार सोमवार को दिनभर क्रैश (Stock Market Crash) हुआ और मार्केट क्लोज होने पर मामूली रिकवरी के बावजूद सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए. BSE Sensex दिन के कारोबार के दौरान 2400 अंक से ज्यादा टूटने के बाद अंत में भी 1353 अंक फिसलकर 77,566 के लेवल पर बंद हुआ, तो वहीं दूसरी ओर NSE Nifty शुरुआती कारोबार में 800 अंक फिसलने के बाद मार्केट क्लोज होने पर 422 अंक फिसलकर 24,028 पर बंद हुआ. SBI, IndiGo, Adani Ports समेत कई बड़े शेयर बाजार की सुनामी में बह गए और निवेशकों को तगड़ा घाटा कराया. लार्जकैप, मिडकैप से लेकर स्मॉलकैप तक लाल रंग में रंगे नजर आए. आइए जानते हैं शेयर मार्केट क्रैश होने के पीछे के पांच बड़े कारणों के बारे में...
सेंसेक्स-निफ्टी दिनभर टूटे
शेयर मार्केट में सोमवार को आई बड़ी गिरावट पर नजर डालें, तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स अपने पिछले बंद 78,918.90 की तुलना में गिरकर 77,056 पर खुला और फिर 76,424 तक फिसला था. अंत में ये इंडेक्स रिकवरी मोड में नजर आया फिर भी 1352.74 अंक की गिरावट लेकर 77,566.16 के लेवल पर बंद हुआ.
बात निफ्टी की करें, तो ये 50 शेयरों वाला एनएसई इंडेक्स भी अपने पिछले बंद 24,450 की तुलना में 23,868 पर ओपन हुआ और शुरुआती कारोबार में ही गिरते हुए 23,697 के लेवल तक गया था. हालांकि, बाजार बंद होने पर Nifty भी 422 अंक की गिरावट लेकर 24,028.05 पर बंद हुआ.
शेयर बाजार में क्यों आई बड़ी गिरावट?
Share Market Crash होने के पीछे के बड़े कारणों की बात करें, तो एक नहीं, बल्कि तमाम वजह हैं. इनमें सबसे बड़ा रोल मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का है, जो अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहा है.
पहला कारण: जंग से तेल की कीमतों में उछाल
शेयर बाजार में गिरावट का सबसे बड़ा कारण अमेरिका-इजराइल के साथ ईरान के युद्ध के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बढ़ी ग्लोबल टेंशन है. सोमवार को Brent Crude Oil Price 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जिसने बाजार में गिरावट को रफ्तार दी. हालांकि, अंत में क्रूड के दाम भी टूटते नजर आए और इसके साथ ही बाजार में रिकवरी भी दिखी. कतर, इराक और कुवैत जैसे बड़े तेल उत्पादकों द्वारा प्रोडक्शन कटौती के ऐलान के साथ ही होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से तेल संकट सामने खड़ा हुआ है.
दूसरा कारण: भारत पर असर का डर
भले ही ग्लोबल टेंशन के बीच बढ़े तेल के दाम को लेकर सरकार की ओर से पर्याप्त रिजर्व होने की बात कही जा रही है, लेकिन भारत की तेल आयात पर निर्भरता से डर कम नहीं हो पा रहा है और इसका असर बाजार पर देखने को मिल रहा है. दरअसल, भारत अपनी जरूरत का 85% तेल आयात करता है. Oil-Gas Price Surge से देश में पेट्रोल , डीजल,गैस और हवाई ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का खतरा बढ़ता है और इससे महंगाई का जोखिम भी रहता है.
तीसरा कारण: रुपये में तगड़ी गिरावट
Global Tension का असर भारतीय रुपये पर भी दिख रहा है. Indian Rupee दबाव में है और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सोमवार को शुरुआती कमोडिटी कारोबार के दौरान 46 पैसे गिरकर लगभग 92.28 पर पहुंच गया था और ये रुपये के लाइफ टाइम लो लेवल के बिल्कुल करीब है. किसी भी देश की करेंसी का टूटना अर्थव्यवस्था के लिए सही नहीं माना जाता है और इससे निवेशकों में चिंता बढ़ी है, जिसका असर बाजार पर भी दिखा है.
चौथा कारण: विदेशी निवेशकों की बिकवाली
शेयर बाजार का सेंटीमेंट बिगाड़ने में बड़ा रोल विदेशी निवेशकों की बिकवाली का भी रहा है. दरअसल, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, मजबूत होते डॉलर और रुपये की कमजोरी ने विदेशी निवेशकों की भारी निकासी को बल दिया है. बीते कुछ दिनों में FIIs की निकासी बढ़ी है. पिछले शुक्रवार को विदेशी निवेशकों ने 6,030 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे और ये लगातार जारी है.
पांचवां कारण: ग्लोबल मार्केट में क्रैश का असर
विदेशी बाजारों में आए क्रैश ने भी सोमवार को भारतीय शेयर मार्केट में गिरावट को बढ़ाने में भूमिका निभाई है. जहां बीते शुक्रवार को अमेरिका बाजारों में तगड़ी गिरावट आई थी, तो सप्ताह के पहले दिन Asian Market Crash नजर आए. जापान का निक्केई और साउथ कोरिया का कोस्पी 7% से ज्यादा टूटा था. ताइवान के बाजार में करीब 6%, हांगकांग के हैंगसेंग 2% से ज्यादा की गिरावट दिखी थी. इसके अलावा शुरुआती कारोबार में ही Gift Nifty भी 500 अंक से ज्यादा फिसल गया था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क