सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार में भूचाल देखने को मिला है. सेंसेक्स-निफ्टी खुलने के साथ ही धड़ाम हो गया और बड़ी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं. वहीं इस गिरावट में सबसे ज्यादा नुकसान ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाने वाले निवेशकों को हुआ है. टाइटन से लेकर सेनको गोल्ड और कल्याण ज्वेलर्स तक के स्टॉक क्रैश नजर आए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश की जनता से की गई एक अपील के बाद ये तगड़ी गिरावट देखने को मिली है.
Titan का शेयर खुलते ही धराशायी
सबसे पहले बताते हैं सोमवार को तमाम ज्वेलरी स्टॉक्स में आई गिरावट के बारे में, तो Titan Share खुलने के साथ ही अपने पिछले बंद 4517 रुपये से फिसलकर 4350 रुपये पर खुला और फिर देखते ही देखते 7 फीसदी से ज्यादा की गिरावट लेकर 4150 रुपये के लेवल पर आ गया. इस बड़ी गिरावट के चलते टाटा ग्रुप की कंपनी की मार्केट वैल्यू भी फिसलकर 3.75 लाख करोड़ रुपये पर आ गई.
ये ज्लेवरी स्टॉक्स भी बिखरे
टाइटन के अलावा अन्य ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों की बात करें, तो सप्ताह के पहले कारोबारी दिन लगभग सभी में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. Senco Gold Share तो ओपनिंग के साथ ही 10% टूट गया. इसके अलावा Kalyan Jewellers Share में 8% की गिरावट दर्ज की गई. PC Jeweller Share कारोबार के दौरान 5 फीसदी तक फिसल गया. तो वहीं Goldiam Share भी 5 फीसदी से ज्यादा फिसलकर 408 रुपये के लेवल पर आ गया.
शेयर बाजार का भी बुरा हाल
भारतीय शेयर बाजार भी सोमवार को बिखरा हुआ नजर आया है. मिडिल ईस्ट टेंशन कम न होने और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका-ईरान के बीच शांति प्रस्ताव पर कोई सहमति न बन पाने के चलते क्रूड की कीमतों में फिर से आग लग गई है. Brent Crude Oil Price 4.50 फीसदी के आसपास उछलकर 106 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, तो वहीं WTI Crude Price में भी तगड़ा 5 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है.
कच्चे तेल की कीमतों में उबाल ने एक बार फिर ग्लोबल महंगाई बढ़ने की टेंशन बढ़ा दी है और इसका असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर देखने को मिला. एशियाई बाजारों में जापान से हांगकांग तक के बाजार धड़ाम नजर आए, तो वहीं Indian Stock Market Crash हो गया. सेंसेक्स में खुलते ही 900 अंक से ज्यादा की गिरावट आई, तो निफ्टी 275 अंक फिसल गया.
PM Modi ने ऐसा क्या कहा?
बता दें कि शेयर बाजार और खासतौर पर ज्वेलरी स्टॉक क्रैश (Jewellery Stock Crash) होने के पीछे एक बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई एक अपील है, जिसमें PM Modi ने लोगों से सोने की खरीदारी को टालने के लिए कहा है. Middle East War का हवाला देते हुए उन्होंने कहा है कि हमारे पड़ोस में जंग चल रही है, जिसका असर पूरी दुनिया समेत भारत पर भी पड़ रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक साल तक सोना न खरीदें और ईंधन की बचत पर ध्यान दें.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क