भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को अंबेडकर जयंती के कारण बंद है, लेकिन बाकी एशियाई बाजार खुले हुए हैं. सभी एशियाई बाजारों में शानदार तेजी देखी जा रही है. इसके साथ ही पाकिस्तान का स्टॉक मार्केट भी रिकवरी मोड पर आ चुका है. तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान वार्ता की संभावनाओं को लेकर नए सिरे से बनी उम्मीदों के चलते सुधर देखने को मिला है, जिससे निवेशक गदगद हैं.
सभी बाजारों में तेजी के बीच पाकिस्तानी स्टॉक मार्केट ने अच्छी तेजी दिखाई है. पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज (PSX) का बेंचमार्क KSE-100 इंडेक्स 3,866 अंक या 2.41 प्रतिशत बढ़कर 164,444 पर कारोबार कर रहा था. KSE-30 इंडेक्स भी 1,173.13 अंक या 2.42 प्रतिशत बढ़कर 49,637.28 पर पहुंच गया.
क्यों आई तेजी?
वैश्विक तेल कीमतों में भारी गिरावट के बीच यह उछाल आया, क्योंकि बाजार अमेरिका-ईरान के बीच संभावित राजनयिक सफलता की उम्मीद कर रहे थे. ब्रेंट क्रूड 2.7 प्रतिशत गिरकर 96.66 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी क्रूड 3 प्रतिशत गिरकर 96.13 डॉलर पर आ गया. तेल की कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत की संभावना बढ़ने की खबरों के बाद आई है.
पाकिस्तानी स्टॉक मार्केट में आई थी भारी गिरावट
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दोनों पक्षों ने बातचीत के लिए दरवाजे खुले रखे हैं, जबकि एक अमेरिकी अधिकारी ने संभावित समझौते की दिशा में तेजी की ओर इशारा किया है. पाकिस्तानी शेयर बाजार में यह तेज उछाल पिछले सत्र में आई भारी गिरावट के बाद हुआ है, जब केएसई-100 सूचकांक 6,600.05 अंक या 3.95 प्रतिशत गिरकर 160,591.33 पर बंद हुआ था.
भारतीय शेयर बाजार बंद
इस बीच, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहे और बुधवार को कारोबार फिर से शुरू होंगे. बता दें सोमवार को, भारतीय बाजार इंडेक्स में गिरावट जारी रही, जिसका मुख्य कारण सभी क्षेत्रों में व्यापक बिकवाली थी. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक या 0.91 प्रतिशत गिरकर 76,847.57 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी50 207.95 अंक या 0.86 प्रतिशत गिरकर 23,842.65 पर बंद हुआ.
बुधवार को कैसा रहेगा बाजार
अभी गिफ्ट निफ्टी 150 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है. अगर ऐसा ही कल सुबह ही भी संकेत रहा तो शेयर बाजार में बुधवार को तेजी देखने को मिल सकती है. साथ ही ग्लोबल बाजार का भी असर कल दिखाई दे सकता है. एशियाई बाजार भी आज तेजी पर कारोबार कर रहे हैं, जो बुधवार को भारतीय बाजार को प्रभावित कर सकते हैं.
(नोट- किसी भी शेयर में खरीदारी से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क