भारत ने शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए अमेरिकी नेतृत्व वाले रणनीतिक गठबंधन पैक्स सिलिका (Pax Silica) में शामिल होने का ऐलान कर दिया. इसके घोषणा पर साइन हो चुके हैं और अब महत्वपूर्ण खनिजों से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए सप्लाई चेन मजबूत करने में मदद मिलेगी. जबकि, तमाम तरह के दुर्लभ खनिजों (Rare Earths Metals) में चीन के प्रभुत्व का मुकाबला करने में भी ये साझेदारी मददगार होगी.
चीन पर निर्भरता कम होगी
पैक्स सिलिका से साझेदारी के बाद भारत को दुर्लभ पृथ्वी खनिजों के आयात के लिए चीन पर अपनी भारी निर्भरता को कम करने में मदद मिल सकती है. इसके साथ ही महत्वपूर्ण खनिजों और एआई के लिए लचीली सप्लाई चेन को भी मजबूती मिल सकती है.
AI Summit में हुए साइन
नई दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट (India AI Impact Summit 2026) में इस घोषणापत्र पर साइन किए गए हैं. इस पहल का लक्ष्य तकनीकी सहयोग को बढ़ाना और नेक्स्ट जेनेरेशन बिजनेस के लिए जरूरी प्रमुख संसाधनों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना है. इसके अलावा यह कदम प्रस्तावित India-US Trade Deal को अंतिम रूप देने और द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के बीच बड़ा प्रयास है.
बता दें कि इस पहल की शुरुआत बीते साल दिसंबर में वाशिंगटन में आयोजित Pax Silica Summit में हुई थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, ग्रीस, इज़राइल, जापान, कतर, साउथ कोरिया, सिंगापुर, यूएई और यूके जैसे देश शामिल रहे थे.
पैक्स सिलिका के साथ से ये फायदे भी
रिपोर्ट की मानें, तो भारत, पैक्स सिलिका का हिस्सा बन गया है और इससे भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग को भी तगड़ा बेनेफिट होगा. बता दें कि देश में 10 संयंत्र पहले से ही स्थापित हैं और कई स्थापित किए जा रहे हैं. उम्मीद है कि जल्द पहला सेमीकंडक्टर संयंत्र कॉमर्शियल प्रोडक्शन भी शुरू कर देगा.
US राजदूत ने क्या कहा?
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने India-Pax Silica के बीच इस पहल को 21वीं सदी की आर्थिक और तकनीकी व्यवस्था को आकार देने के लिए India-US के बीच एक रणनीतिक गठबंधन जरूरी बताया. उन्होंने भारत की इंजीनियरिंग प्रतिभा और अमेरिका-भारत टेक पार्टनरशिप को मजबूत करने में उसकी भूमिका का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर विश्वसनीय AI को बढ़ावा देना है.
क्या है ये Pax Silica?
पैक्स सिलिका का साझेदार देशों में एआई संचालित विकास को गति देने के लिए एक टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना लक्ष्य है. Pax Silica एक गठबंधन है, जिसे AI और Semiconductors के लिए ग्लोबल सप्लाई चेन को सुरक्षित करने के लिए शुरू किया गया है.ये 20वीं सदी की तेल और इस्पात पर निर्भरता से सिलिकॉन और महत्वपूर्ण खनिजों द्वारा संचालित अर्थव्यवस्था की ओर एक बदलाव का प्रतीक है. ये गठबंधन अमेरिकी आर्थिक मामलों के उप सचिव जैकब हेलबर्ग के नेतृत्व में काम कर रहा है.
आजतक बिजनेस डेस्क