बिहार के मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी और स्थानीय माहौल गरमा गया है. नगर विधायक रंजन कुमार ने अपने खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने को लेकर दो लोगों पर अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई है. वहीं, विधायक समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच कथित मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
विधायक ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार फेसबुक के जरिए लगातार उनके और विधानसभा क्षेत्र-94 की छवि खराब करने वाली पोस्ट कर रहा था. विधायक के मुताबिक बीती रात भी उनकी तस्वीर लगाकर चरित्र हनन करने की कोशिश की गई. “समझाने गए थे, लेकिन शुरू हो गई हाथापाई”. इस दौरान AK-47 से भून देने की धमकी भी दी गई.
रंजन कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों ने पहले भी आरोपी युवक को कई बार समझाया था, लेकिन वह लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहा. इसी को लेकर वह अपने समर्थकों और मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे थे. विधायक का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ गए समर्थकों के साथ मारपीट की. उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी ने AK-47 रखने के पुराने मामले का जिक्र करते हुए सभी को “भून देने” की धमकी दी.
एक और युवक पर गंभीर आरोप
विधायक ने एक अन्य आवेदन में पताही जगन्नाथ निवासी ठाकुर दिव्य प्रकाश पर भी फेसबुक के माध्यम से लगातार आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट करने का आरोप लगाया है. विधायक का कहना है कि आरोपी पिछले एक साल से लगातार उनके खिलाफ पोस्ट कर रहा था और चुनाव के दौरान भी कई भ्रामक बातें सोशल मीडिया पर फैलाई गईं.
IT एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
दोनों मामलों में विधायक ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की है. इधर, सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. हालांकि विधायक रंजन कुमार ने अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि वे केवल पूछताछ और समझाने के लिए गए थे, लेकिन उनके समर्थकों पर ही हमला कर दिया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
मणि भूषण शर्मा