बिहार के मुंगेर में एक सरकारी कार्यक्रम में माहौल वक्त भावुक हो गया, जब एक महिला ने माइक पकड़ते ही अपनी दर्दभरी कहानी सुनानी शुरू की. महिला की चीत्कार सुनकर लोग स्तब्ध रह गए. दरअसल, डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे. इस दौरान जिले के कई अधिकारी मौजूद थे.
मुंगेर सदर अंचल की बारी आई और कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार मोहल्ले की रहने वाली महिला माइक तक पहुंची. जैसे ही महिला ने बोलना शुरू किया, वह खुद को संभाल नहीं पाई और फूट-फूटकर रोने लगी. आंसुओं के बीच पीड़िता ने जो कहानी सुनाई, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया.
महिला ने बताया कि पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है. वह अपने छोटे बेटे के साथ किसी तरह जिंदगी गुजार रही है. वह मात्र पांच हजार रुपये की नौकरी कर अपने बेटे की पढ़ाई और घर का खर्च चलाती है.
लेकिन उनके रिश्तेदार उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गए हैं. महिला ने आरोप लगाया कि भतीजा उस पर बुरी नजर रखता है, मारपीट करता है और प्रताड़ित करता है. उसने कमरे में ताला लगा दिया है और उन्हें घर में घुसने तक नहीं देता.
महिला ने बताया कि सास-ससुर की मौत के बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गई है, लेकिन इसके बावजूद भतीजा हिस्से की मांग करता है और मना करने पर उसे और बेटे को गोली मारने की धमकी देता है. महिला ने यह भी कहा कि वह कई बार थाने और अंचल कार्यालय के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन कहीं से भी मदद नहीं मिली.
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बोले- जंगलराज का वातावरण बर्दाश्त नहीं
महिला की शिकायत सुनकर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने तुरंत सख्त रुख अपनाया. विजय सिन्हा ने सख्त तेवर अपनाते हुए मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त अमृत लाल मीणा और एसपी सैयद इमरान मसूद को जांच कर तुरंत एक्शन लेने का आदेश दिया. विजय सिन्हा ने कहा कि इस तरह से जंगलराज का वातावरण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: 'लड़का डॉक्टर है, थोड़ा देख लीजिए...', जनसुनवाई के दौरान जब बिहार के डिप्टी सीएम ने रिश्ते की कर दी सिफारिश
उन्होंने कहा कि एक अकेली महिला जो खुद काम कर बच्चों को पाल रही है और एक दबंग उसे घर से बेघर करने की कोशिश कर रहा है और आप लोग कुछ नहीं कर रहे हैं. उन्होंने एसपी और सदर एसडीएम से इस मामले में तुरंत महिला के घर का ताला खुलवाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई कितना भी बड़ा और पावर वाला व्यक्ति क्यों न हो, ऐसे मानसिकता वाले व्यक्ति जो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और परेशान करें, वैसे लोगों को समाज में रहने का औचित्य नहीं है.
विजय सिन्हा ने इस मामले में मुंगेर नगर निगम की मेयर कुमकुम देवी को भी बुलाया और उस महिला के 28 नंबर वार्ड में जाकर पीड़िता की मदद करने का आदेश दिया. उन्होंने महिला और उसके बेटे के लिए सुरक्षा देने की भी बात कही. उन्होंने एसपी से कहा कि संबंधित थानाध्यक्ष को निर्देशित कर पीड़ित महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी तय की जाए.
गोविंद कुमार