बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गई. महिला ट्रेन के साथ घसीटती चली जा रही थी, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
दरअसल, यह घटना सुबह करीब 10 बजे प्लेटफार्म संख्या-1 पर हुई. कटिहार-पटना इंटरसिटी ट्रेन बेगूसराय स्टेशन से खुल रही थी, तभी एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगी. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसकर घसीटने लगी. यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
यह भी पढ़ें: दीपावली की रात तीन कत्ल! बेगूसराय ट्रिपल मर्डर में सीरियल किलर विकास कुमार को कोर्ट ने सुनाई मौत की सजा
आरपीएफ जवानों ने दौड़कर बचाई जान
महिला को ट्रेन के साथ घसीटते देख आरपीएफ उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी और उनके साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत उसकी ओर दौड़े. जवानों ने बिना देर किए महिला को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच के गैप से खींचकर बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई. इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी प्लेटफार्म पर गिर गया, लेकिन महिला को सुरक्षित बचा लिया गया.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही महिला गिरती है, आरपीएफ जवान तुरंत दौड़कर उसे पकड़ते हैं और बाहर खींच लेते हैं. जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला सुरक्षित बच गई.
देखें वीडियो...
महिला की पहचान और आरपीएफ की अपील
बचाई गई महिला की पहचान सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बनगांव बाजार निवासी देवंती देवी (45) के रूप में हुई है. वह अपने पति और बच्चों के साथ बेगूसराय से राजेंद्र नगर जा रही थीं. ट्रेन में चढ़ते समय उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरने लगी थीं.
आरपीएफ बेगूसराय निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि समय रहते जवानों ने महिला को बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे गंभीर हादसे हो सकते हैं.
सौरभ कुमार