देश की प्रमुख एसयूवी वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा जल्द ही घरेलू बाजार में अपनी किफायती एसयूवी Mahindra XUV300 के नए फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च करने की तैयारी में है. अब इस एसयूवी को लेकर बड़ी ख़बर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि, नई XUV300 में कई बड़े अपडेट दिए जाएंगे जो कि इसे पिछले मॉडल से बेहतर बनाता है. तो आइये जानते हैं इस एसयूवी में क्या ख़ास होगा-
सेग्मेंट में पहली बार मिलेगा ये फीचर:
Mahindra XUV300 के फेसलिफ्ट मॉडल में कंपनी पैनोरमिक सनरूफ दे रही है, जो कि सेग्मेंट में पहली बार दिया जाएगा. इससे पहले भी इस एसयूवी में ये फीचर मिलता था, लेकिन ये सिंगल-पैन सनरूफ था. इस फीचर का इंतज़ार कई लोग कर रहे थें और बीते कुछ दिनों में सनरूफ एक ऐसे फीचर के तौर पर उभरा है जिसकी डिमांड तेजी से बढ़ी है. हाल ही में हुंडई ने अपने सबसे सस्ते एसयूवी Exter को लॉन्च किया था, जिसमें सिंगल पैन वॉयस इनेबल्ड सनरूफ दिया जा रहा है. इसके अलावा कई अन्य मॉडल हैं जिनमें सनरूफ का विकल्प मिलता है.
पैनोरमिक सनरूफ के साथ आने वाली Mahindra की ये एसयूवी सेग्मेंट में पहली गाड़ी होगी. इसके अलावा कंपनी इस एसयूवी के एक्सटीरियर और इंटीरियर में भी कइ बड़े बदलाव करेगी. इसमें नए डिज़ाइन का फ्रंट-रियर बंपर, हेडलैंप, टेललैंप इत्यादि दिया जा सकता है. इसके केबिन में भी कुछ नए फीचर्स को शामिल किए जाने की उम्मीद है, क्योंकि समय के साथ इसका इंटीरियर पुराना होता जा रहा है.
इंजन और परफॉर्मेंस:
कंपनी इस एसयूवी के इंजन मैकेनिज्म में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं करेगी. इसमें पहले की ही तरह 1.2 लीटर का 3 सिलिंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो कि 110hp और 131hp की पावर जेनरेट करता है. इसके अलावा ये एसयूवी 1.5 लीटर डीजल इंजन के साथ भी आएगी, जो कि 117hp की पावर जेनरेट करता है. ट्रांसमिशन भी पहले जैसा ही होने की उम्मीद है, हालांकि कंपनी AMT की जगह टॉर्क-कन्वर्टर का इस्तेमाल कर सकती है.
कब होगी लॉन्च:
कंपनी ने अभी Mahindra XUV300 फेसलिफ्ट के लॉन्च के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है, इसे अगले साल तक बाजार में उतारा जा सकता है. बाजार में ये एसयूवी मुख्य रूप से टाटा नेक्सॉन, हुंडई वेन्यू और किआ सॉनेट जैसी कारों को टक्कर देती है. मौजूदा मॉडल की कीमत 8.42 लाख रुपये से शुरू होती है. फेसलिफ्ट मॉडल में नए अपडेट के बाद प्राइस हाइक किया जा सकता है.
aajtak.in