गर्मियों में घर को ठंडा रखना सिर्फ मशीनों पर निर्भर नहीं है, कुछ सही इंडोर पौधे आपके कमरे का तापमान प्राकृतिक तरीके से संतुलित कर सकते हैं. ये पौधे “ट्रांसपिरेशन” प्रक्रिया के जरिए पत्तियों से नमी छोड़ते हैं, जिससे हवा में ठंडक और ताजगी बढ़ती है. अगर इन्हें सही जगह और सही तरीके से रखा जाए, तो ये न सिर्फ घर को ठंडा करते हैं बल्कि एयर क्वालिटी भी बेहतर बनाते हैं.
Areca Palm
सबसे पहले बात करें Areca Palm (अरेका पाम) की. यह गर्मियों के लिए सबसे असरदार पौधों में गिना जाता है. इसके लंबे, घने पत्ते हवा में लगातार नमी छोड़ते हैं, जिससे कमरा सूखा नहीं लगता और तापमान संतुलित रहता है. इसे खिड़की के पास हल्की धूप में रखना बेहतर होता है और नियमित पानी देने से इसका कूलिंग इफेक्ट बढ़ जाता है.
Aloe Vera
Aloe Vera (एलोवेरा) सिर्फ स्किन के लिए ही नहीं, बल्कि घर के वातावरण के लिए भी फायदेमंद है. यह पौधा गर्मी को सोखता है और हवा से कुछ हानिकारक तत्वों को कम करने में मदद करता है. इसकी खासियत है कि इसे बहुत कम पानी और देखभाल की जरूरत होती है, इसलिए यह नए लोगों के लिए अच्छा विकल्प है.
Snake Plant
Snake Plant (स्नेक प्लांट) उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो ज्यादा समय नहीं दे पाते. यह पौधा रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है और हवा को साफ करता है. इसकी मोटी पत्तियां नमी को लंबे समय तक बनाए रखती हैं, जिससे कमरे में हल्की ठंडक बनी रहती है. इसे बेडरूम में रखना खासतौर पर फायदेमंद माना जाता है.
Peace Lily
अगर आप ऐसा पौधा चाहते हैं जो खूबसूरत भी हो और ठंडक भी दे, तो Peace Lily (पीस लिली) एक अच्छा विकल्प है. यह हवा में नमी बढ़ाकर कमरे को कूल रखता है और कम रोशनी में भी आसानी से बढ़ता है. इसके सफेद फूल घर की सजावट को भी बेहतर बना देते हैं.
Boston Fern
Boston Fern (बोस्टन फर्न) को “नेचुरल ह्यूमिडिफायर” भी कहा जाता है. इसकी घनी पत्तियां वातावरण में नमी बनाए रखती हैं, जिससे गर्मी का असर कम महसूस होता है. हालांकि, इसे थोड़ा ज्यादा पानी और नमी चाहिए होती है, इसलिए इसे बाथरूम के पास या हल्की नमी वाली जगह पर रखना बेहतर होता है.
Rubber Plant
वहीं Rubber Plant (रबर प्लांट) अपने बड़े और चमकदार पत्तों की वजह से हवा में नमी छोड़ने के साथ-साथ प्रदूषण को भी कम करता है. यह पौधा कमरे के तापमान को स्थिर रखने में मदद करता है और बहुत ज्यादा देखभाल भी नहीं मांगता.
इन सभी पौधों का असर तब ज्यादा दिखाई देता है जब आप इन्हें एक साथ इस्तेमाल करते हैं. एक या दो पौधों से हल्का फर्क महसूस होगा, लेकिन अगर आप 4-6 पौधे कमरे में अलग-अलग कोनों में रखते हैं, तो हवा ज्यादा ठंडी और ताजी लगेगी. साथ ही, मिट्टी को हल्का नम रखना, पौधों को सुबह या शाम पानी देना और उन्हें सीधी तेज धूप से बचाना जरूरी है, तभी उनका कूलिंग इफेक्ट सही तरीके से काम करता है.
आजतक एग्रीकल्चर डेस्क