Advertisement

US-Israel-Iran War LIVE: ईरान में कुछ जगहों पर धमाकों की आवाज, इजरायल बोला- US का इशारा मिलते ही जंग फिर होगी शुरू

aajtak.in | नई दिल्ली | 24 अप्रैल 2026, 8:10 AM IST

US‑Iran‑Israel War Live Updates: ईरान की राजधानी तेहरान में गुरुवार रात एयर डिफेंस सिस्टम के सक्रिय होने और धमाकों की आवाजों से हड़कंप मच गया. इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री ने युद्ध दोबारा शुरू करने की तैयारी की पुष्टि की है. वहीं, ईरान ने अमेरिका पर आतंकवाद और हिंसा को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है.

ईरान में कई जगह सुनाई दी धमाकों की आवाज. (photo: Representative)

US‑Iran‑Israel War Live Updates: अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता पर ब्रेक लगने के बाद ईरान और इजरायल एक बार फिर से जंग के मुहाने पर पहुंच गए हैं. इसी बीच ईरान की न्यूज एजेंसी ने तेहरान के विभिन्न हिस्सों में एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा दुश्मन के टारगेट को निशाना बनाए जाने की जानकारी दी है.

इस सैन्य हलचल के तुरंत बाद इजरायल के रक्षा मंत्री ने ऐलान किया कि उनकी सेना ईरान के खिलाफ युद्ध दोबारा शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इजरायल फिलहाल इस नए हमले के लिए अमेरिका की ओर से 'ग्रीन लाइट' यानी हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहा है. उधर, धमाकों की खबर के बाद ईरानी सरकारी ने बयान जारी कर कहा कि ईरान के सरकारी संस्थान पूरी एकता और अनुशासन के साथ अपना काम कर रहे हैं. ईरान के अनुसार, इजरायल की हत्या की साजिशें विफल रही हैं और अब युद्ध का मैदान व कूटनीति एक ही मोर्चे के रूप में समन्वित होकर काम कर रहे हैं.

ईरान-इजरायल से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहें...

8:10 AM (एक घंटा पहले)

डोनाल्ड ट्रंप का आरोप- ''ईरान को चीन से मिले गिफ्ट''

Posted by :- Aman

 

8:08 AM (एक घंटा पहले)

मोजतबा खामेनेई का इलाज जारी

Posted by :- Aman

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों में मारे जाने के बाद देश की कमान मोजतबा खामेनेई के हाथों में मानी जा रही है. हालांकि, अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलों में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे और करीब दो महीने बाद भी उनका इलाज जारी है.

यह भी पढ़ें: पैर कटा, चेहरा जला... हमले में गंभीर रूप से घायल मोजतबा खामेनेई की हो सकती है प्लास्टिक सर्जरी

6:59 AM (2 घंटे पहले)

ईरान की मांग- अमेरिका नाकाबंदी हटाए

Posted by :- Aman

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाज को कब्जे में लेकर अमेरिकी नौसैनिक ताकत को चुनौती दी है. ईरान ने मांग की है कि शांति वार्ता फिर से शुरू करने से पहले अमेरिका को अपनी नाकाबंदी हटानी होगी.

6:45 AM (2 घंटे पहले)

ईरान के खिलाफ अमेरिका बना रहा योजना

Posted by :- Aman

अमेरिकी सैन्य अधिकारी ईरान के साथ सीजफायर टूटने की स्थिति में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उसकी क्षमताओं को निशाना बनाने के लिए नई योजनाएं तैयार कर रहे हैं. CNN के मुताबिक, एक अन्य विकल्प के तौर पर, अमेरिकी अधिकारी उन ईरानी सैन्य नेताओं और अन्य अवरोध पैदा करने वाले लोगों को निशाना बनाने पर भी विचार कर सकती है, जिन्हें वे शांति वार्ता को कमजोर करने वाला मानते हैं.

Advertisement
3:50 AM (5 घंटे पहले)

कुवैत ने खोला अपना एयरस्पेस

Posted by :- Nitin

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच फरवरी के अंत में संघर्ष छिड़ने और मिडिल ईस्ट में तनाव के बाद कुवैत ने पहली बार अपना एयरस्पेस खोल दिया है. कुवैत के नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्रीय तनाव के मद्देनजर एहतियात के तौर पर 28 फरवरी को लगाए गए अस्थायी निलंबन के बाद कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई यातायात गुरुवार को फिर से शुरू हो गया.

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के महानिदेशक हमूद मुबारक ने कहा कि ये एयरस्पेस को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने की योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य निकट भविष्य में हवाई अड्डे को पूरी क्षमता से संचालित करना है.

3:45 AM (5 घंटे पहले)

हिज्बुल्लाह ने इजरायल के श्टुला में दागे रॉकेट

Posted by :- Nitin

लेबनान के हिज्बुल्लाह ने गुरुवार को इजरायल पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इजरायल के श्टुल इलाके में कई रॉकेट दागे. इस बारे में जानकारी देते हुए हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि उसने इजरायल द्वारा 'युद्धविराम का उल्लंघन करने और दक्षिणी लेबनान के एक शहर को निशाना बनाने' के जवाब में इजरायल के श्टुला पर रॉकेटों की बौछार की है.

 

 

 

1:42 AM (7 घंटे पहले)

US-Iran-Israel War: अमेरिका की शर्तों पर ही होगा कोई भी समझौता, ट्रंप का ईरान को निर्देश

Posted by :- Nitin

US-Iran-Israel War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ कोई समझौता करने के लिए वाशिंगटन पर दबाव होने की खबरों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि समय अमेरिका के पक्ष में है और अगर कोई भी समझौता होगा तो वो सिर्फ अमेरिका की ही शर्तों पर होगा.

उन्होंने ट्रुथ सोशल पर प्रतिष्ठित अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स और सीएनएन पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा, 'जो लोग अब भी ‘फेलिंग न्यूयॉर्क टाइम्स’ पढ़ते हैं या ‘फेक न्यूज CNN’ देखते हैं और सोचते हैं कि मैं ईरान के साथ युद्ध (अगर इसे युद्ध भी कह सकते हैं) जल्दी खत्म करने के लिए ‘बेचैन’ हूं, उन्हें बता दूं कि मैं इस पद पर शायद सबसे कम दबाव में रहने वाला व्यक्ति हूं.'

ट्रंप ने दावा किया कि मेरे पास दुनिया का पूरा समय है, लेकिन ईरान के पास वक्त नहीं- उनकी घड़ी बज रही है!

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान की नौसैना को हमने समुद्र में डुबो दिया है, उनकी एयरफोर्स तबाह हो चुकी है, उनके एंटी-एयरक्राफ्ट और रडार हथियार नष्ट हो गए हैं. उनके बड़े नेता मारे जा चुके हैं, नाकाबंदी पूरी तरह से सख्त और मजबूत है. इससे ईरान में हालात और भी बदतर होते जाते हैं.

उन्होंने ईरान के साथ समझौते की बात को दोहराते हुए कहा कि समझौता तभी होगा जब ये अमेरिका, हमारे सहयोगियों और वास्तव में पूरी दुनिया के लिए सही और फायदेमंद होगा.

 

12:37 AM (8 घंटे पहले)

तनाव के बीच हिंद महासागर पहुंचा USA का तीसरा विमानवाहक पोत

Posted by :- Nitin

USS जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश (CVN-77) ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के क्षेत्राधिकार में प्रवेश कर लिया है जो क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की मौजूदगी के काफी विस्तार को दिखाता है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, ये निमित्ज़-क्लास विमानवाहक पोत अब हिंद महासागर में संचालित हो रहा है जो चल रहे सैन्य तैनाती को और मजबूत करेगा. इसके आगमन के साथ ही अब इस इलाके में एक साथ तीन अमेरिकी नौसेना के विमानवाहक पोत सक्रिय हैं.

12:30 AM (8 घंटे पहले)

Middle East War: ईरान में सत्ता को लेकर संघर्ष, कलीबाफ ने वार्ता प्रमुख की भूमिका से दिया इस्तीफा 

Posted by :- Nitin

Middle East War: ईरान का राजनीतिक नेतृत्व एक गहरे आंतरिक संकट का सामना कर रहा है जो शीर्ष स्तर पर महत्वपूर्ण फैसले लेने की प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है. न्यूज 12 के अनुसार, मोहम्मद बाकेर कलीबाफ ने चल रही वार्ता में अपनी भूमिका से इस्तीफा दे दिया है. कलीबाफ अमेरिका के साथ सीक्रेट वार्ता की देखरेख कर रहे थे और पाकिस्तान में चल रही शांति वार्ता से संबंधित संवेदनशील चर्चाओं का जिम्मा संभाल रहे थे.

Advertisement
12:13 AM (9 घंटे पहले)

'किसी भी रास्ते से ईरान न आएं', भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी

Posted by :- Nitin

भारत ने गुरुवार को अपने नागरिकों को हवाई या जमीनी रास्ते से ईरान की यात्रा न करने की सलाह दी है. भारत और ईरान के बीच कुछ फ्लाइट्स शुरू हुई हैं और इसी बीच भारत की तरफ से यह एडवाइजरी जारी की गई है. तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपनी ताजा एडवाइजरी में कहा कि क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और परिचालन को लेकर अनिश्चितताएं अब भी जारी हैं, जिससे ईरान आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. यहां पढ़ें पूरी खबर...

12:10 AM (9 घंटे पहले)

ईरान में सत्ता के लिए अंदरूनी रार! US संग होने वाली इस्लामाबाद शांति वार्ता पर लगा ब्रेक

Posted by :- Nitin

ईरान और अमेरिका के बीच आठ हफ्तों से चल रहे युद्ध को खत्म करने के प्रयास एक बार फिर अधर में लटक गए हैं. ताजा रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के भीतर जारी सत्ता-संघर्ष ने इस्लामाबाद में होने वाली प्रस्तावित शांति वार्ता को रोक दिया है, जिससे यह सवाल गहरा गया है कि आखिर तेहरान में वास्तविक शक्ति किसके हाथों में है. यहां पढ़ें पूरी खबर...