पाकिस्तान फिर से अफगानिस्तान से तनाव का बहाना ढूंढ़ रहा है. इस्लामाबाद ने एक बार फिर कहा है कि अफगानिस्तान अपनी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ होने दे रहा है. पाकिस्तान ने उस हमले का हवाला दिया है जिसमें 11 पाकिस्तानी सैनिकों की जान चली गई थी. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले के लिए अफगानिस्तान के जमीन का इस्तेमाल किया गया.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को धमकी भरी भाषा में कहा है कि हमें अपनी सुरक्षा पक्की करने के लिए 'आतंकी' ग्रुप और उनके साथियों से जुड़े किसी भी ख्वारिज को जवाब देने और उसे खत्म करने का अधिकार है, चाहे वे कहीं भी हों.
सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर इलाके में हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को एक सुरक्षा चेक पोस्ट से टकरा दिया, जिसमें 11 सैनिक और एक नागरिक मारे गए.
पाक ने जारी किया डिमार्श
विदेश मंत्रालय की एक प्रेस रिलीज़ के मुताबिक यह डिमार्श बुधवार दोपहर को जारी किया गया. जब पाकिस्तान ने अफ़गान मिशन के डिप्टी हेड को विदेश मंत्रालय में बुलाया गया.
डिमार्श का मतलब होता है एक देश की सरकार द्वारा दूसरे देश की सरकार को दिया गया औपचारिक विरोध, मांग, चेतावनी या अपनी आधिकारिक स्थिति बताने वाला संदेश. यह आमतौर पर राजदूत के जरिए दिया जाता है.
पाकिस्तान ने अपने डिमार्श में कहा, "पाकिस्तान ने बाजौर में पाकिस्तानी सेना और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की चौकियों पर गाड़ी से हुए आत्मघाती हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है, इसे फितना अल खवारिज यानी कि TTP ने अंजाम दिया था."
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई कि TTP जिसका पूरा लीडरशिप अफ़गानिस्तान में है, अफगान जमीन से बिना किसी सजा के काम करता है.
ख्वारिज को खत्म करने का अधिकार
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान को अफगान तालिबान सरकार से बार-बार भरोसा मिला है लेकिन अफसोस की बात है कि कोई साफ या ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा , "अफगान तालिबान सरकार को अपने इलाके से काम करने वाले सभी आतंकी ग्रुप्स, जिसमें उनकी लीडरशिप भी शामिल है के खिलाफ तुरंत, ठोस और वेरिफ़ाई किए जा सकने वाले कदम उठाने के लिए कहा गया है."
पाक ने अफगान तालिबान को यह भी साफ तौर पर बताया कि "पाकिस्तान के पास अपने सैनिकों, आम लोगों और इलाके की सीमाओं की सुरक्षा पक्का करने के लिए ग्रुप और उनके साथियों से जुड़े किसी भी ख्वारिज को जवाब देने और उसे खत्म करने का अधिकार है, चाहे वे कहीं भी हों."
अफगानिस्तान पर नए हमले करने में नहीं हिचकिचाएगा PAK
इस बीच रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने साफ कर दिया है कि अगर काबुल में अधिकारी शांति का भरोसा नहीं देते हैं, तो पाकिस्तान फिर से हमला करने के लिए तैयार है. ख्वाजा आसिफ ने कहा पाकिस्तान अफगानिस्तान पर नए हमले करने में नहीं हिचकिचाएगा, जब तक कि काबुल में कोई शांति की गारंटी न दे.
पाकिस्तान अक्सर अफगान सरकार पर आरोप लगाता है कि वह आतंकवादियों को बॉर्डर पार पाकिस्तान में हमले करने के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल करने से रोकने में नाकाम रही है. अफगान तालिबान ने ऐसे आरोपों को गलत बताया है और इसके बजाय इस बात पर जोर देता है कि पाकिस्तान को अपने सुरक्षा मामलों को कंट्रोल करना चाहिए.
aajtak.in