पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में मंगलवार को हुए एक बड़े आत्मघाती हमले ने दहला दिया. खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरा ऑटोरिक्शा उड़ा दिया, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में दो पुलिसकर्मी और एक महिला भी शामिल हैं. इसमें 33 लोग घायल हुए हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये धमाका सराय नौरंग तहसील के बेहद व्यस्त नौरंग बाजार में हुआ. आत्मघाती हमलावर ने फाटक चौक इलाके में अपने तिपहिया वाहन में विस्फोट कर दिया. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की दुकानें और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. धमाके के बाद बाजार में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई.
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल लोगों को बचाने की कोशिश की, जबकि कुछ ही देर में राहत और बचाव टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं. लक्की मरवत के उपायुक्त हमीदुल्ला खान ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आतंकवादियों ने ऑटोरिक्शा में भारी मात्रा में विस्फोटक भर रखे थे. धमाके में नौ लोगों की मौत हुई और 33 लोग घायल हैं.
उपायुक्त के मुताबिक घायलों में कई लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. उनको सराय नौरंग स्थित तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई लोगों को आगे के इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया. हमले के बाद इलाके के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है. तुरंत एंबुलेंस और मेडिकल टीमें भेजी गईं.
'रेस्क्यू 1122' के प्रवक्ता शादाब खान ने बताया कि बचाव दल मलबा हटाने और घायलों को निकालने में जुटा रहा. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. इनमें धमाके के बाद बाजार का भयावह मंजर दिखा. कई दुकानें पूरी तरह तबाह नजर आ रही हैं, जबकि सड़क पर क्षतिग्रस्त तिपहिया वाहन और मलबा फैला हुआ दिख रहा है.
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IGP) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. उन्होंने कहा, "इस मुश्किल घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रांतीय सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी." पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस हमले पर गहरा दुख जताया है.
उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवादियों को देश की शांति और विकास को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. सरकार और सभी संबंधित विभाग आतंकवाद के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी मजबूती के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने इस घटना की तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं.
aajtak.in