अमेरिका में भारतीय मूल के डॉक्टर जितेश पटेल और उनकी अटलांटा स्थित यूरोलॉजी संस्था ‘एडवांस्ड यूरोलॉजी’ पर आरोप है कि उन्होंने मरीजों पर अनावश्यक मेडिकल प्रक्रियाएं कर स्वास्थ्य धोखाधड़ी की. इस मामले को सुलझाने के लिए उन्होंने अब 14 मिलियन डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई है.
अमेरिकी न्याय विभाग (US DOJ) के अनुसार, अटलांटा स्थित ‘एडवांस्ड यूरोलॉजी’ और डॉ. पटेल यह राशि फ़ॉल्स क्लेम्स एक्ट और जॉर्जिया फ़ॉल्स मेडिकेड क्लेम्स एक्ट के उल्लंघन से जुड़े दावों को निपटाने के लिए देंगे.
आरोप है कि इस संस्था ने मेडिकेयर, मेडिकेड, ट्राईकेयर और अन्य सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों से उन यूरोलॉजिकल और डायग्नोस्टिक प्रक्रियाओं के लिए बिल वसूला, जो या तो की ही नहीं गईं या फिर चिकित्सकीय रूप से आवश्यक नहीं थीं.
व्हिसलब्लोअर्स में एडवांस्ड यूरोलॉजी की पूर्व कर्मचारी Lorraine Perumal-Szramel और इस सुविधा के पूर्व चिकित्सक डॉ. हिमांशु अग्रवाल शामिल हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि एडवांस्ड यूरोलॉजी का पूरा ढांचा पटेल और अन्य लोगों के लिए अधिकतम मुनाफा कमाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था.
कई आरोप शामिल:
FOX 5 Atlanta की रिपोर्ट के मुताबिक, पटेल और उनके क्लिनिक ने लगभग हर नए मरीज पर आक्रामक जांचें कीं और ऐसी सर्जरी के लिए भी बिल वसूला जो वास्तव में की ही नहीं गई थीं.
aajtak.in