मिडिल ईस्ट में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. अमेरिका-इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद से शुरू हुई ये जंग आज आठवें दिन में दाखिल हो चुकी है, और फिलहाल इसके थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे. आज भी हमलों का सिलसिला जारी है.
इसी बीच अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) से कई स्टाफ सदस्यों को नौकरी से निकाले जाने की खबर सामने आई है. एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने करीब एक दर्जन एजेंटों और स्टाफ सदस्यों को बर्खास्त किया है. इनमें वे लोग शामिल थे जिनका कभी डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी जांच से संबंध रहा था.
बर्खास्त किए गए अधिकारियों में कुछ ऐसे एजेंट भी थे जो ईरान और उससे जुड़े प्रॉक्सी समूहों के मामलों में विशेषज्ञता रखते थे.
स्टाफ सदस्यों को हटाने की प्रक्रिया शुरू होने के 3 दिन बाद ही अमेरिका ने ईरान पर बमबारी शुरू कर दी. इन बड़े पैमाने पर हुई बर्खास्तगियों के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभागों में कर्मचारियों की संख्या कम हो गई है, ऐसे समय में जब युद्ध के चलते सुरक्षा चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं.
फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन और जस्टिस डिपार्टमेंट ने पिछले एक साल में अहम सुरक्षा पदों पर दशकों का अनुभव खो दिया है.
80 लड़ाकू विमानों से इजरायल ने की बमबारी
इजरायल ने ईरान के कई हिस्सों में भारी बमबारी की है. आईडीएफ के मुताबिक शुक्रवार तड़के इजरायली एयरफोर्स के 80 से ज्यादा लड़ाकू विमानों ने तेहरान के कई इलाकों में बमबारी की. इस कार्रवाई में ईरान की सैन्य क्षमता, नेतृत्व और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी), इमाम हुसैन विश्वविद्यालय सहित कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए.
aajtak.in