अमेरिकी बैंकिंग संस्थान जेपी मॉर्गन के 'सेक्स स्लेव' मामले में सनसनीखेज मोड़ आ गया है. The Sun की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पूर्व बैंकर चिरायु राणा ने कोर्ट में बेहद चौंकाने वाले नए दावे किए हैं. राणा ने बैंक की एक सीनियर महिला अधिकारी पर यौन उत्पीड़न और ड्रग्स देने के आरोप लगाए हैं, जबकि बैंक और अधिकारी ने इन सभी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.
चिरायु राणा (35) ने मैनहैटन सुप्रीम कोर्ट में अपना मुकदमा फिर से दायर किया है, जिसे बैंक ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है और इसमें उन्होंने 37 साल की सीनियर अधिकारी लोर्ना हजदिनी पर यौन उत्पीड़न, नस्लीय दुर्व्यवहार और उन्हें नशीली दवा देने का आरोप लगाया है.
यह मुकदमा सोमवार को फिर से सामने आया, जिसमें दो गवाहों के बयान भी शामिल हैं. इसमें 2024 की कथित घटनाओं का विस्तृत ब्योरा दिया गया है. यह मामला पहले 'सुधार' के लिए वापस ले लिया गया था.
'पूरी तरह से नग्न हालत और सिगरेट...'
एक गुमनाम गवाह ने दावा किया कि वह चिरायु राणा के साथ एक अपार्टमेंट में रह रहा था, जब एक महिला की आवाज़ सुनकर उसकी नींद खुल गई. उसने आरोप लगाया कि हजदिनी 'पूरी तरह से नग्न' हालत कमरे में आई, सोफे पर बैठ गईं. उन्होंने सिगरेट जलाई और उसको बेडरूम में उनके साथ शामिल होने को कहा. गवाह ने बताया कि उसने बार-बार मना किया, जिसके बाद हजदिनी ने कथित तौर पर उससे कहा, "तुम्हें पता है कि राणा मेरा है (उस पर मेरा हक है), इसलिए बेहतर होगा कि तुम आकर हमारे साथ शामिल हो जाओ."
उसी गवाह ने आगे दावा किया कि जब हजदिनी बेडरूम में वापस चली गईं, तो उसने राणा को यह कहते हुए सुना, "नहीं, नहीं, नहीं, तुम्हें जाना होगा. मैं यह नहीं करने वाला. प्लीज़ रुक जाओ."
एक दूसरे गवाह ने बताया कि चिरायु राणा ने पहले उसे बताया था कि काम की जगह पर एक महिला ने उसकी 'ज़िंदगी नरक' बना दी है. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसने एक बार हजदिनी को राणा की गर्दन पर चूमते और उसे पकड़ते हुए देखा था, और साथ ही यह भी कहा कि इस दौरान राणा साफ तौर पर असहज लग रहा था.
यह भी पढ़ें: जूनियर से 'सेक्शुअल फेवर' के आरोपों पर जेपी मॉर्गन की एग्जीक्यूटिव ने दी सफाई, कहा- कुछ गलत नहीं किया
संशोधित फाइलिंग में एक हलफ़नामा भी शामिल है, जिसमें चिरायु राणा कहते हैं कि कथित हमलों के बाद अक्टूबर 2024 में उन्हें पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) का पता चला था. इसके साथ ही उनके काउंसलर का एक लेटर भी है, जो इस बात की गवाही देता है कि उनका इलाज चल रहा है. हालांकि, बैंक और हजदिनी दोनों ने ही इन आरोपों का ज़ोरदार खंडन किया है.
JPMorgan Chase ने The Sun से कहा, “हमारी जांच के बाद, हमें नहीं लगता कि इन दावों में कोई दम है. जहां एक तरफ कई कर्मचारियों ने जांच में सहयोग किया, वहीं शिकायतकर्ता ने इसमें हिस्सा लेने से इनकार कर दिया और ऐसी जानकारी देने से मना कर दिया, जो उनके आरोपों को साबित करने के लिए बेहद ज़रूरी होते.”
हजदिनी के वकीलों ने कहा, “लोर्ना इन आरोपों का पूरी तरह से खंडन करती हैं. उन्होंने कभी भी इस शख्स को डेट नहीं किया, न ही उनके साथ कभी किसी तरह का यौन या रोमांटिक रिश्ता रहा और न ही उन्होंने कभी उसे कोई ड्रग्स दी. हजदिनी का कहना है कि चिरायु के ये झूठे दावे पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहे हैं.”
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के बाद इस मामले पर और विवाद खड़ा हो गया है. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि चिरायु राणा ने अपने पिता की मौत के बारे में बैंक को गुमराह किया, जिससे वह केस की तैयारी के लिए छुट्टी ले सके और यह भी कि उसने रेप से जुड़े कानूनी सवालों पर एक चैटबॉट से सलाह ली थी.
इन नए आरोपों के बावजूद, बैंक का कहना है कि उसकी अंदरूनी जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला है, जो ईमेल, रिकॉर्ड और डिवाइस पर आधारित थी. बैंक ने यह भी कहा कि हजदिनी ने जांचकर्ताओं के साथ पूरा सहयोग किया, जबकि चिरायु राणा ने ऐसा नहीं किया.
aajtak.in