मिडिल ईस्ट में जंग की आग और भड़कती दिख रही है. डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान के और अधिकारी निशाने पर आ सकते हैं और कहा, 'आज ईरान पर बहुत जोरदार वार होगा.' इसी बीच कुवैत में ड्रोन हमले में मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों के सम्मान में ट्रंप डेलावेयर के डोवर एयरबेस जाने वाले हैं.
दूसरी तरफ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने पड़ोसी देशों से माफी मांगी है. उधर कतर, बहरीन और यूएई ने ईरान से आए मिसाइल-ड्रोन रोकने का दावा किया. संघर्ष में अब तक ईरान में 1230, लेबनान में 290 और इजराइल में करीब दर्जनभर मौतें हो चुकी हैं.
कुवैत सशस्त्र बलों ने बताया है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ्यूल टैंकों पर ड्रोन हमले किए गए हैं.
तेहरान के नीलोफर स्क्वायर इलाके में अमेरिका-इजराइल के एक ही हमले में 20 ईरानी नागरिकों के मारे जाने की खबर सामने आई है.
कुवैत सशस्त्र बलों ने बताया है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ्यूल टैंकों पर ड्रोन हमले किए गए हैं. रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि यह हमला देश के अहम बुनियादी ढांचे को सीधे निशाना बनाने की कोशिश है. कुवैती सेना ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है.
(Input: Rohit Sharma)
ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है, कई अमेरिकी सैनिकों को बंदी बना लिया गया है, लेकिन अमेरिका दावा कर रहा है कि वे लड़ाई के दौरान मारे गए हैं. अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद अमेरिका सच को ज्यादा समय तक छिपा नहीं सकता है.
बहरीन में भी ईरान का हमला हुआ. वहां की सरकार ने कहा कि ईरानी हमले ने मीना सलमान के पास एक जगह को निशाना बनाया है, और सिविल डिफेंस आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है.
ट्रंप आज डेलावेयर राज्य के डोवर एयरबेस पहुंचे. यहां उन्होंने कुवैत में ड्रोन हमले में मारे गए छह अमेरिकी सैनिकों के शवों को खुद रिसीव किया. ट्रंप ने ऐसा उनके बलिदान को सम्मान देने के लिए किया.
जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को कहा कि ईरान पर यूएस भारी है और वह उसके बाकी लीडरशिप के साथ बातचीत नहीं करना चाहते. ट्रंप ने कहा, 'हम समझौता नहीं करना चाहते. वे (ईरान) समझौता करना चाहेंगे. हम समझौता नहीं करना चाहते.'
कतर के अमीर और ट्रंप ने फोन पर बातचीत की. इसमें ताजा ईरानी हमलों पर चर्चा हुई. कतर के अमीर ने कहा कि दोहा अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने में नहीं हिचकिचाएगा.
ईरान के ताजा हमलों के बाद खाड़ी देशों में हलचल तेज. रियाद ने ईरान से कहा है कि सऊदी अरब और उसके एनर्जी सेक्टर पर लगातार हमले उसे भी वैसा ही जवाब देने के लिए मजबूर कर सकते हैं.
ईरानी तेल मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि ईरान की राष्ट्रीय राजधानी तेहरान के करज वेस्ट समेत तीन इलाकों में फ्यूल डिपो पर हमले हुए. इसके बाद तेल रिफाइनरी में आग लग गई थी.
इराकी प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने सुरक्षा बलों को बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर रॉकेट हमले के लिए जिम्मेदार लोगों का पकड़ने का आदेश दिया.
ईरान के टॉप सुरक्षा अधिकारी लारीजानी ने इंटरव्यू में कहा कि इजरायल और अमेरिका के हमलों का मकसद ईरान को तोड़ना था.
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने कहा कि हाल के दिनों में संयुक्त अरब अमीरात में फंसे कम से कम 4,300 लोगों को फ्रांस निकाला गया है, और आने वाले दिनों में और फ्लाइट्स की योजना है.
ईरान के टॉप सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी का कहना है कि वह कुछ ही घंटों बाद ईरान के लोगों को संबोधित करेंगे.
यूनाइटेड अरब अमीरात की दुबई मीडिया ने बताया कि ईरान से आए प्रोजेक्टाइल के इंटरसेप्शन से गिरे छर्रों से दुबई मरीना में एक टावर के सामने के हिस्से को थोड़ा नुकसान हुआ है. उसका मलबा टूटकर गिरा है. यह इलाका कई लग्जरी ऊंची इमारतों वाला है. बताया गया कि हवाई हमले का मलबा बरशा इलाके (मरीना टावर के पास) में एक गाड़ी पर गिर गया. इससे एक ड्राइवर की मौत हो गई. इससे UAE में युद्ध शुरू होने के बाद से मरने वालों की संख्या चार हो गई है. अधिकारियों ने कहा है कि सभी विदेशी नागरिक थे.
यह भी पढ़ें- दुबई एयरपोर्ट से फिर शुरू हुआ उड़ानों का संचालन, ईरानी ड्रोन का मलबा गिरने से ठप हुई थीं सेवाएं