पाकिस्तान में दुहा जेहरा का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इस साल 16 अप्रैल को दुआ जेहरा कराची से लापता हो गई थीं. दुआ के पिता ने अपनी बेटी के अपहरण का आरोप लगाया था.
अप्रैल में लापता हुई दुआ को पुलिस ने जून महीने में ढूंढ निकाला था.
अब दुआ जेहरा पहली बार सार्वजनिक तौर पर लोगों से मुखातिब हुई है. दरअसल दुआ का एक इंटरव्यू सामने आया है.
इस इंटरव्यू में दुआ बताती हैं कि उनका अपहरण नहीं हुआ था बल्कि वह निकाह करने के लिए अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी.
दुआ ने कहा, वह 21 साल के जहीर अहमद से प्यार करती है. जहीर से शादी करने के लिए वह घर छोड़कर गई थी.
मुझे और जहीर को बड़े दिल से अपना लें
दुआ जेहरा ने इंटरव्यू के दौरान बताया कि उसने इस्लामिक कानून के तहत शादी की है. अगर वे अभी भी समझेंगे कि निकाह कर मैंने गलती की है तो मुझे खेद है.
दुआ ने कहा कि मैं चाहती हूं कि वे लोग मुझे और जहीर को बड़े दिल से अपना लें. मैं जानती हूं कि उन्हें बहुत दुख हुआ है, मैं भी इस दुख से गुजरी हूं लेकिन मैं उनसे कहती हूं कि हमें अपना लें.
हालांकि, दुआ जेहरा ने यह भी बताया कि उसके पिता ने जमीन के लालच में अपने भाई के बेटे से मेरी शादी कराने की सोची थी.
दुआ जेहरा की उम्र को लेकर विवाद
दुआ जेहरा की उम्र को लेकर भी कई अटकलें लगाई जा रही हैं. दुआ के पिता शुरुआत से कह रहे हैं कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसकी उम्र सिर्फ 14 साल है.
वहीं, दुआ ने खुद सामने आकर बताया है कि वह बालिग है और 18 साल की है.
अब इस इंटरव्यू के सामने आने के बाद दुआ के पिता मेहदी काजमी ने कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान किया है.
उन्होंने कहा कि वह यह इंटरव्यू लेने वाली महिला के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे.
दरअसल इस इंटरव्यू में दुआ जेहरा और उनके पति जहीर ने पहली बार खुलकर अपनी शादी को लेकर बात रखी है.
इस इंटरव्यू पर प्रतिक्रिया देते हुए काजमी ने कहा कि इस मामले में शुरुआत से जो कहा जा रहा है, वह गलत है.
वह कहते हैं, मेरी बेटी इन लोगों के कब्जे में है. वे जो कुछ भी चाहते हैं, मेरी बेटी से कहलवा रहे हैं.
काजमी ने कहा, इंटरव्यू लेने वाली महिला को जल्द ही मामले में सुप्रीम कोर्ट का नोटिस थमाया जाएगा.
उन्होंने कहा, इटंरव्यू लेने वाली महिला का कहना है कि वह पहले दिन से दुआ जेहरा और जहीर के संपर्क में थी. लेकिन जैसे ही इस महिला को नोटिस मिलेगा, यह गायब हो जाएगी.
काजमी ने कहा कि इंटरव्यू में जेहरा ने जो भी बातें कही हैं, वे दरअसल झूठ का पुलिंदा है.
सिंध हाईकोर्ट ने कहा- दुआ जेहरा को अगवा किए जाने के सबूत नहीं मिले
सिंध हाईकोर्ट ने दुआ जेहरा मामले में लिखित आदेश में कहा था कि ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं, जिससे पता चले कि लड़की को अगवा किया गया था.
जेहरा ने अदालत के समक्ष अपने बयान में कहा था, मैंने अपनी मर्जी से निकाह किया है. किसी ने मुझे अगवा नहीं किया. मैं अपने पति जहीर के साथ जाना चाहती हूं.
जस्टिस मुहम्मद जुनैद गफ्फार की पीठ ने आदेश में कहा था कि लड़की ने बयान में कहा है कि वह 17 से 18 साल की है और उसने अपनी मर्जी से निकाह किया है.
सिंध हाईकोर्ट ने कहा है कि जेहरा बालिग है और वह अपनी मर्जी से किसी के भी साथ रह सकती है.
aajtak.in