डोनाल्ड ट्रंप की इमिग्रेशन नीतियों को लेकर अमेरिकी जनता का समर्थन उनके दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद के सबसे निचले स्तर 38% पर गिर गया है. सोमवार को खत्म हुए चार दिन के रॉयटर्स/इप्सोस पोल के मुताबिक, जनवरी में यह रेटिंग 39% थी, जबकि सत्ता में वापसी के शुरुआती महीनों में यह 50% तक हाई लेवल पर थी.
डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 के चुनाव में दशकों के सबसे बड़े निर्वासन अभियान का वादा किया था और जनवरी 2025 में कार्यभार संभालते ही बड़े पैमाने पर छापेमारी के आदेश दिए थे.
अमेरिका में नकाबपोश एजेंटों द्वारा छापेमारी और प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसक झड़पों के बीच अब उनके मुख्य आधार रहे पुरुष मतदाताओं ने भी इस मुद्दे पर उनसे दूरी बनाना शुरू कर दिया है.
पुरुषों और महिलाओं के बीच गिरा ग्राफ
डोनाल्ड ट्रंप की 2024 की जीत में पुरुष मतदाताओं की बड़ी भूमिका थी और 2025 तक इमिग्रेशन पर उनकी रेटिंग पुरुषों के बीच 50% के करीब बनी हुई थी. हालांकि, ताजा पोल में सिर्फ 41% पुरुषों ने उनकी नीतियों को सराहा है. महिलाओं के बीच भी यह समर्थन 2025 के 40% के मुकाबले गिरकर अब 35% रह गया है. यह गिरावट ट्रंप के कट्टर समर्थकों के बीच बदलते मूड को दर्शाती है.
यह भी पढ़ें: अमेरिका: शिकागो में महिला को इमिग्रेशन एजेंट ने मारी थी गोली, अब बॉडीकैम वीडियो आया सामने
विवादों और हिंसक झड़पों का असर
ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में मिनेसोटा में अपने निर्वासन अभियान (Deportation Surge) को रोकने पर सहमति जताई है, जहां आव्रजन एजेंटों ने दो अमेरिकी नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. देशभर में नकाबपोश एजेंटों की सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके हिंसक टकराव ने प्रशासन की इमेज को नुकसान पहुंचाया है. प्रशासन के लिए यह एक दुर्लभ पीछे हटने जैसा कदम है, जो भारी विरोध के बाद उठाया गया.
यह भी पढ़ें: शबाना महमूद बन सकती हैं ब्रिटेन की पहली मुस्लिम PM, इमिग्रेंट्स की बेटी होकर भी इमिग्रेशन पर हैं हार्डलाइनर
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकाल की शुरुआत 47% की कुल अप्रूवल रेटिंग के साथ की थी, लेकिन अब यह गिरकर 38% पर स्थिर हो गई है. यह उनके अब तक के कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है. ऑनलाइन आयोजित इस राष्ट्रव्यापी सर्वे में 1,117 युवाओं ने हिस्सा लिया. प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इमिग्रेशन जैसा प्राथमिकता वाला मुद्दा ही अब उनके समर्थन में गिरावट की बड़ी वजह बन रहा है.
aajtak.in