बांग्लादेश के सांसद अख्तर हुसैन ने कहा है कि हमारे आस-पास साजिशें चल रही हैं, बांग्लादेश में रोहिंग्या पहले ही कई जगहों पर बस चुके हैं. लेकिन अब हमारे देश में रिफ्यूजियों का सैलाब आ सकता है.
बांग्लादेश के रंगपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और एनसीपी नेता अख्तर हुसैन ने वहां की संसद में एक बयान दिया है. माना जा रहा है कि ये बयान उन्होंने 27 अप्रैल को दिया है.
बांग्लादेश के रंगपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और एनसीपी नेता अख्तर हुसैन ने वहां की संसद में कहा, "अभी हम दुनिया में ऐसी स्थिति में हैं कि हमें कई हकीकतों का सामना करना पड़ रहा है, माननीय स्पीकर महोदय, हमारे आस-पास साजिशें चल रही हैं, रिफ्यूजियों का सैलाब बांग्लादेश में आ सकता है, रोहिंग्या पहले से ही कई जगहों पर आ चुके हैं, इसके अलावा इसकी कोई गारंटी नहीं है कि पड़ोसी देश हमारे देश में मुस्लिम शरणार्थियों को न भेजें"
बता दें कि बीजेपी ने इस बार के बंगाल विधानसभा में घुसपैठियों के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है और कहा है कि बीजेपी एक-एक बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर निकालेगी.
गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बांग्लादेशी सांसद के इस बयान को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है, "बांग्लादेश के सांसद अख़्तर हुसैन ने आज बांग्लादेश की संसद में कहा कि भाजपा की पश्चिम बंगाल की जीत घुसपैठ को रोकेगी और बांग्लादेशी मुसलमानों को भगाएगी,यह खतरनाक है. तृणमूल कांग्रेस के मददगार धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं."
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा का चुनाव हुआ था. नतीजे 4 मई को आएंगे.
NCP का भारत विरोधी रुख
बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी का गठन शेख हसीना सरकार के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्र नेताओं द्वारा किया गया था. यह पार्टी अपनी स्थापना के समय से ही मुखर होकर भारत विरोधी रुख अपनाए हुए है. पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भड़काऊ बयान देते हुए भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को अलग करने की धमकी तक दी है. राजनीतिक रूप से NCP ने जमात-ए-इस्लामी जैसे कट्टरपंथी समूहों के साथ गठबंधन किया है, जो ऐतिहासिक रूप से भारत विरोधी एजेंडे के लिए जाने जाते हैं.
aajtak.in