बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के अंतरिम शासन के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे डॉ. खलीलुर रहमान का नया विदेश मंत्री बनना करीब-करीब तय माना जा रहा है. बांग्लादेशी समाचार पोर्टल 'द बिजनेस स्टैंडर्ड' ने बीएनपी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. तारिक रहमान ने उन्हें अपनी नई कैबिनेट में एक टेक्नोक्रेट मंत्री के रूप में शामिल करने का फैसला किया है.
मंगलवार, 17 फरवरी को सुबह 10:45 बजे बीएनपी के नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ली. मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने संसद भवन के शपथ कक्ष में बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान सहित सभी सांसदों को पद की शपथ दिलाई.
नवनिर्वाचित कैबिनेट के सदस्य आज शाम 4 बजे संसद भवन के साउथ प्लाजा में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.
बीएनपी सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह
मंगलवार की सुबह बांग्लादेश की राजनीति के लिए बेहद अहम रही. संसद भवन में आयोजित समारोह में सबसे पहले बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान और उनके दल के सांसदों ने शपथ ली और शपथ पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए. इसके बाद जमात-ए-इस्लामी, निर्दलीय और अन्य दलों के निर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में 35 साल बाद पुरुष PM का राज, तारिक रहमान ने ली शपथ
अनुभवी राजनयिक डॉ. खलीलुर रहमान
डॉ. खलीलुर रहमान का सिविल सेवा करियर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 1979 में सिविल सेवा जॉइन की थी. अपने करियर के शुरुआती दिनों में उन्होंने दक्षिण एशिया प्रभाग में काम करने के साथ-साथ विदेश मंत्री के प्राइवेट सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं. उनके इसी अनुभव और विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें नए मंत्रिमंडल में विदेश मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो दिए जाने की पूरी संभावना है.
aajtak.in