बीएनपी की ऐतिहासिक जीत के बाद ढाका ने भारत को लेकर अपना रुख नरम कर लिया है. बांग्लादेश ने अब नई राजनीतिक हकीकत के आधार पर रिश्ते तय करने की बात कही है. तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा कि नई सरकार आपसी लाभ के लिए सहयोग चाहती है, लेकिन भारत को बदले हालात स्वीकार करने होंगे.
क्या कहा तारिक रहमान के सलाहकार ने
बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा है कि दोनों देशों के रिश्तों को नए सिरे से तय करने की जरूरत है, क्योंकि अब शेख हसीना और अवामी लीग सत्ता में नहीं हैं.
कबीर ने कहा कि भारत को बांग्लादेश की बदली राजनीतिक वास्तविकता को स्वीकार करना होगा. उनके मुताबिक जनता ने भारी बहुमत देकर बीएनपी को जनादेश दिया है और अब उसी आधार पर कूटनीतिक रिश्ते आगे बढ़ने चाहिए.
भारत से क्या अपेक्षा?
कबीर ने भारत से कहा कि उसकी जमीन का इस्तेमाल शेख हसीना या अवामी लीग के किसी नेता द्वारा बांग्लादेश की स्थिरता के खिलाफ नहीं होना चाहिए. उनका कहना है कि ऐसा होने पर भारत की छवि पर असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि जब यह भरोसा बन जाएगा तो दोनों देश सामान्य कूटनीतिक सहयोग फिर से शुरू कर सकते हैं और आपसी लाभ के लिए काम कर सकते हैं.
भारत का आधिकारिक रुख...
भारत पहले ही कह चुका है कि वो बांग्लादेश के लोगों के हित, शांति, लोकतंत्र और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्ध है. विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया था कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर विचार किया जा रहा है. नई दिल्ली का कहना है कि वो सभी पक्षों के साथ रचनात्मक तरीके से जुड़ा रहेगा.
मोदी-तारिक फोन कॉल और भारत यात्रा का न्योता
हुमायूं कबीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तारिक रहमान के बीच हुई फोन बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने रहमान को भारत आने का न्योता दिया है. हालांकि, कबीर के मुताबिक अभी तारिक रहमान की प्राथमिकता देश को आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता की राह पर लाना है. हालात सामान्य होने के बाद ही विदेश यात्राओं पर फैसला होगा.
चीन-अमेरिका-भारत संतुलन पर नई सरकार की नीति
कबीर ने कहा कि नई सरकार भारत, चीन और अमेरिका के बीच संतुलित संबंध रखेगी. बांग्लादेश किसी एक देश पर निर्भर नहीं रहेगा और राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देगा. उन्होंने कहा कि मजबूत जनादेश के साथ सरकार अंतरराष्ट्रीय समझौतों पर मजबूती से बातचीत करेगी.
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर क्या कहा
हिंदुओं पर हमलों को लेकर उठ रही चिंताओं पर कबीर ने कहा कि बांग्लादेश में सांप्रदायिक सौहार्द है और स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. हालांकि, भारत ने हाल के महीनों में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर हमलों को लेकर चिंता जताई है.
आतंकवाद पर क्षेत्रीय सहयोग की वकालत
कबीर ने आतंकवाद के खिलाफ खुफिया जानकारी साझा करने और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई. उनका कहना है कि निर्वाचित सरकारों के बीच तालमेल से ही चरमपंथ पर रोक लगाई जा सकती है.
शपथ ग्रहण में मोदी को न्योता
बीएनपी ने बताया है कि 17 फरवरी को होने वाले तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत क्षेत्रीय नेताओं को आमंत्रित किया गया है.
भारत-बांग्लादेश के बीच अभी कैसे रिश्ते?
बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हिंसा के बाद शेख हसीना ने भारत आकर शरण ली थी. जिसके बाद ढाका की अंतरिम सरकार ने हसीना के प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग की, जिस पर भारत ने कहा कि वो अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रहा है. भारत ने सार्वजनिक रूप से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं की सुरक्षा पर चिंता जताई, जिससे रिश्तों में तनाव की धार बनी रही. इसके बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार, सीमा प्रबंधन और कूटनीतिक संपर्क पूरी तरह बंद नहीं हुए और कार्यस्तर पर संवाद जारी रहा.
aajtak.in