न्यूयॉर्क के LaGuardia Airport पर रविवार की देर रात एयर कनाडा फ्लाइट 8646 रनवे पर लैंडिंग के दौरान एक फायर ट्रक से टकरा गई. यह हादसा विमान में बैठे यात्रियों के लिए बेहद डरावना और अचानक हुआ. विमान CRJ-900 था, जिसे एयर कनाडा एक्सप्रेस के तहत Jazz Aviation संचालित कर रहा था. यह फ्लाइट मॉन्ट्रियल ट्रूडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर LaGuardia पहुंच रही थी। विमान में लगभग 72 यात्री और चार क्रू सदस्य सवार थे.
'ब्रेक बहुत जोर से लगे...'
हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों ने इसे “अविश्वसनीय और भयानक पल” बताया. यात्री जैक कैबोट ने कहा, "जैसे ही विमान जमीन पर उतरा, हमें लगा कि ब्रेक बहुत जोर से लगे और तुरंत समझ में आया कि कुछ गलत है. फिर अचानक पूरी तरह पैनिक फैल गया क्योंकि हम किसी चीज़ से टकरा गए थे और नियंत्रण में नहीं थे."
एक अन्य यात्री फ्रांसीसी नागरिक क्लेमेंट लेलिवरे ने भी पायलटों की बहादुरी की तारीफ की. उन्होंने कहा, "जैसे ही विमान ने जमीन छुई, पायलट ने तुरंत और बहुत जोर से ब्रेक लगाया. मुझे नहीं पता कि पूरी स्थिति क्या थी, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने हमारी जान बचाई. उनके रिफ्लेक्स वाकई अद्भुत थे."
पायलटों की मौत
इस टकराव में कैप्टन Antoine Forest और फर्स्ट ऑफिसर Mackenzie Gunther की मौके पर ही मौत हो गई. एयरलाइन ने उनके परिवारों और Jazz Aviation समुदाय के प्रति संवेदना जताई और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
टकराव के तकनीकी कारण और एयर ट्रैफिक कंट्रोल
जांचकर्ताओं के अनुसार, विमान लैंडिंग के लिए नियंत्रित और स्थिर रास्ते पर था, लेकिन उसी समय फायर ट्रक को रनवे पार करने की अनुमति दे दी गई. टकराव से कुछ सेकंड पहले ही टावर ने ट्रक को रुकने का आदेश दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. हादसे के समय ट्रक में ट्रांसपोंडर नहीं था, इसलिए कंट्रोलर केवल राडार “ब्लिप्स” पर भरोसा कर रहे थे. रनवे पर कई वाहन एक साथ होने के कारण सतह डिटेक्शन सिस्टम (Surface Detection System) ने भी अलर्ट नहीं दिया.
रात की शिफ्ट में केवल दो एयर ट्रैफिक कंट्रोलर मौजूद थे, जिन्होंने ग्राउंड और लोकल कंट्रोल दोनों काम संभाले. NTSB के अनुसार, यह सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन लंबे समय से वर्कलोड और थकान को लेकर चिंता बनी हुई थी. कम से कम एक रेडियो कॉल “स्टेप्ड ऑन” हुई, यानी किसी अन्य कॉल ने इसे आंशिक रूप से ब्लॉक किया, जिससे महत्वपूर्ण निर्देश सुनना मुश्किल हो गया.
यात्री और क्रू की स्थिति
हादसे के बाद लगभग 40 यात्री और क्रू सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. फ्लाइट अटेंडेंट Solange Tremblay को विमान की सीट के साथ बाहर फेंका गया, लेकिन वह जीवित रहीं. उनकी बेटी सारा लेपिन ने बताया कि उनकी दाहिनी टांग में कई फ्रैक्चर हुए और सर्जरी हुई. जैक कैबोट ने कहा, "उनकी जीवित बचना लगभग चमत्कार है, क्योंकि विमान का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था."
यात्री और क्रू का मानना है कि पायलटों की बहादुरी और तुरंत लिए गए निर्णय ने कई लोगों की जान बचाई. क्लेमेंट लेलिवरे ने कहा, "पायलटों ने पूरी ताकत लगाई और मैं हमेशा उनके लिए आभारी रहूंगा."
आगे की जांच
NTSB की टीम फ्लाइट डेटा और कॉकपिट रिकॉर्डर का विश्लेषण कर रही है. पूरी जांच में विमानन प्रणाली, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की प्रक्रियाएं, उपकरण और स्टाफिंग की भूमिका भी देखी जाएगी. जांच कई महीनों तक चल सकती है और ट्रांस्क्रिप्ट सार्वजनिक की जाएगी. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रक चालक ने “स्टॉप” आदेश सुना या रनवे पर कितने वाहन मौजूद थे.
हुमरा असद