वेस्ट एशिया में जारी तनाव के बीच दुबई-कोलकाता एमिरेट्स उड़ान सेवा फिर शुरू

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कुछ दिनों तक बाधित रहने के बाद दुबई से कोलकाता के लिए एमिरेट्स की उड़ान सेवा फिर शुरू हो गई है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार एमिरेट्स की फ्लाइट EK 572 शनिवार शाम दुबई से रवाना हुई और देर रात कोलकाता पहुंचेगी. हाल ही में तनाव के कारण कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं.

Advertisement
कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरेगा एमिरेट्स का पहला विमान (File Photo: ITG) कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरेगा एमिरेट्स का पहला विमान (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:32 PM IST

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कुछ दिनों से बाधित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं के बीच दुबई से कोलकाता के लिए एमिरेट्स एयरलाइन की उड़ान सेवा फिर से शुरू हो गई है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अनुसार शनिवार शाम को दुबई से एमिरेट्स की उड़ान कोलकाता के लिए रवाना हुई, जो देर रात नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी.

Advertisement

दुबई-कोलकाता एमिरेट्स उड़ान सेवा फिर शुरू

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एएआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि एमिरेट्स की फ्लाइट EK 572 दुबई (DXB) से भारतीय समयानुसार शाम 7:43 बजे कोलकाता (CCU) के लिए रवाना हुई. यह उड़ान मूल रूप से शाम 6:50 बजे कोलकाता पहुंचने वाली थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण इसके आगमन का समय बदलकर रात 11:50 बजे कर दिया गया है.

यह उड़ान पश्चिम एशिया में हाल ही में उत्पन्न संघर्ष के कारण आई बाधाओं के बाद कोलकाता में एमिरेट्स की पहली उड़ान होगी. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक विमान के कोलकाता पहुंचने के बाद यह वापसी सेवा भी संचालित करेगा.

एमिरेट्स की फ्लाइट EK572 देर रात पहुंचेगी कोलकाता

जानकारी के अनुसार एमिरेट्स की वापसी उड़ान EK 573 अब रात 1:30 बजे कोलकाता से दुबई के लिए रवाना होगी, जबकि पहले इसका निर्धारित समय शाम 8:25 बजे था. इससे पहले शनिवार तड़के दुबई से फ्लाईदुबई की एक उड़ान भी कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंची थी. यह विमान रात 12:53 बजे 163 यात्रियों को लेकर कोलकाता पहुंचा था. बाद में यह उड़ान 92 यात्रियों को लेकर दुबई के लिए रवाना हो गई.

Advertisement

एएआई के प्रवक्ता ने यह भी बताया कि कतर एयरवेज की एक उड़ान शनिवार को कोलकाता से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना हुई. गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर असर पड़ा था. शुक्रवार को कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए जाने वाली सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई थीं.

हालांकि अब धीरे-धीरे उड़ान सेवाएं सामान्य होने लगी हैं. अधिकारियों का कहना है कि एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुविधा के लिए सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement