'वो जिंदगी और मौत से लड़ रहे', बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर इनकम टैक्स की रेड पर भड़के योगी के मंत्री

लखनऊ में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर आयकर विभाग की छापेमारी पर योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भावुक पोस्ट लिखी है. उन्होंने इस कार्रवाई को संवेदनहीन बताते हुए कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे विधायक के लिए इस वक्त सांसें बचाना ही सबसे बड़ी चुनौती है

Advertisement
उमाशंकर सिंह और दिनेश प्रताप सिंह (File Photo) उमाशंकर सिंह और दिनेश प्रताप सिंह (File Photo)

कुमार अभिषेक

  • लखनऊ ,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:00 PM IST

आयकर विभाग की टीम ने 25 फरवरी को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर छापेमारी की. बलिया की रसड़ा सीट से इकलौते विधायक उमाशंकर के घर लगभग 30 अधिकारियों ने पहुंचकर वित्तीय दस्तावेजों की जांच शुरू की. इस कार्रवाई के बाद उनके समधी और यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर विधायक के पक्ष में बयान जारी किया. मंत्री ने बताया कि उमाशंकर सिंह पिछले ढाई साल से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और वर्तमान में आइसोलेशन में हैं. उन्होंने इस नाजुक समय में की गई छापेमारी को मानवीय संवेदनाओं के खिलाफ बताया है.

Advertisement

रिश्तेदारी का हवाला और खराब सेहत का जिक्र

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने फेसबुक पोस्ट के जरिए अपनी पीड़ा व्यक्त की. उन्होंने लिखा कि उमाशंकर सिंह के घर में उनकी बिटिया ब्याही है और वह लंबे समय से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. 

मंत्री के अनुसार, विधायक की हालत ऐसी है कि उनके कमरे में नर्स और मेडिकल स्टाफ के अलावा किसी को जाने की इजाजत नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी कठिन परिस्थितियों में कौन सी संस्था या राजनेता इतना संवेदनहीन हो सकता है जो उनके घर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दे.

व्यवसाय बंद और आइसोलेशन में विधायक

दिनेश प्रताप सिंह ने यह भी साफ किया कि गंभीर बीमारी के चलते उमाशंकर सिंह का सारा बिजनेस और कारोबार लगभग ठप हो चुका है. उनका पूरा समय और धन केवल इलाज और सांसें बचाने में खर्च हो रहा है. वह अपनी बीमारी के कारण विधानसभा सत्र में भी एक घंटे के लिए शामिल नहीं हो सके और पूरी तरह आइसोलेशन में रह रहे हैं. मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि इस तनावपूर्ण माहौल में विधायक के जीवन को कोई हानि होती है, तो इसके लिए ये संवेदनहीन संस्थाएं ही जिम्मेदार होंगी.

Advertisement

न्यायालय की दया और संस्थाओं को नसीहत

मंत्री ने अपने पोस्ट में उल्लेख किया कि दुर्लभतम अपराधों में भी माननीय न्यायालय मानवीय आधार और बीमारी को देखते हुए दया दिखाते हैं. उन्होंने छापेमारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ईश्वर से ऐसी संस्थाओं और राजनेताओं को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की. 

बता दें कि उमाशंकर सिंह बसपा के वर्तमान विधानसभा में एकमात्र विधायक हैं और सुबह से ही उनके आवास पर भारी पुलिस बल के साथ आयकर की कार्रवाई जारी है, जिससे प्रदेश के राजनीतिक हलकों में खलबली मची हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement