पत्नी और बेटी ने पीट- पीटकर ले ली जान..., शराब पीकर घर आया था शख्स

बरेली के इज्जतनगर में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोप है कि एक  पत्नी और बेटी ने मिलकर 48 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पहले इसे सीढ़ियों से गिरने का मामला बताया गया, लेकिन पोस्टमार्टम में कई चोटों का खुलासा हुआ. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

Advertisement
पत्नी और बेटी ने पीट- पीटकर ले ली जान (Photo: representational image ) पत्नी और बेटी ने पीट- पीटकर ले ली जान (Photo: representational image )

aajtak.in

  • बरेली,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 2:45 PM IST

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति की कथित तौर पर पत्नी और बेटी ने मिलकर पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय बालकराम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार को वह अपने भतीजे के प्री-वेडिंग कार्यक्रम में शामिल होने गया था, जहां उसने शराब का सेवन किया. देर शाम घर लौटने पर उसका पत्नी रेखा और बेटी पिंकी से विवाद हो गया.

Advertisement

इज्जतनगर थाना प्रभारी बीजेन्द्र सिंह के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर बालकराम पर डंडों से हमला कर दिया. आरोप है कि पिटाई के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की और किसी को सूचना नहीं दी. शुरुआत में पुलिस को दी गई जानकारी में कहा गया कि बालकराम सीढ़ियों से गिर गया था. लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो मामला पलट गया. रिपोर्ट में शरीर पर करीब 15 चोटों के निशान पाए गए. डॉक्टरों ने मौत का कारण शॉक और अत्यधिक रक्तस्राव बताया.

रिपोर्ट के आधार पर मृतक के एक रिश्तेदार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई. सोमवार को पुलिस ने रेखा और पिंकी को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे भी बरामद कर लिए हैं. मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement