पूरे मिडिल ईस्ट देशों के हालात बिगड़े हुए हैं. लोग तनाव में हैं. हवाई उड़ाने बंद कर दी गई हैं. दुबई में फंसे लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने इजराइल में कार्यरत उत्तर प्रदेश के 6 हजार से अधिक श्रमिक मजदूरों को लेकर एक बयान जारी किया है. सरकार का कहना है कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और वहां स्थिति सामान्य बनी हुई है.
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी मजदूरों की कुशलक्षेम की लगातार निगरानी की जा रही है. मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार सतर्क मोड में है और पल-पल की अपडेट पर नजर रख रही है. राज्य सरकार तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है. श्रमिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: 'मिसाइल की आवाजें आ रहीं..', दुबई एनिवर्सरी मनाने गए फंसे मेरठ के दंपति, बयां किया दर्द
हेल्पलाइन जारी, परिवारों को दी जा रही जानकारी
योगी सरकार ने 24x7 हेल्पलाइन जारी की है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रमिक या उनके परिजन तुरंत संपर्क कर सकें. सभी श्रमिकों की स्थिति पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और उनके परिवारों को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है.
सरकार का कहना है कि इजराइल में तैनात भारतीय राजदूत संजीव सिंगला के साथ निरंतर संपर्क बना हुआ है, जिससे हर स्थिति की अपडेट मिल रही है.
चयन प्रक्रिया और तैनाती
ये सभी श्रमिक वर्ष 2024 में एनएसडीसी और इजराइल की पीआईबीए के माध्यम से चयनित हुए थे. वर्तमान में वे विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में कार्यरत हैं. प्रदेश सरकार ने भरोसा दिलाया है कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है.
आशीष श्रीवास्तव