उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र बेचने का दावा करने वाले टेलीग्राम चैनलों के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज कराई है. ठग टेलीग्राम पर 15,000 रुपये में पूरा और 8,000 रुपये में आधा पेपर देने का ऑफर दे रहे हैं.
अभ्यर्थियों को लुभाने के लिए 50% डिस्काउंट और आधा पेमेंट परीक्षा के बाद देने जैसे झांसे दिए जा रहे हैं. भर्ती बोर्ड के सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर पुलिस और एसटीएफ की टीमें अब इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कई जिलों में छापेमारी कर ठगों की तलाश कर रही हैं.
भर्ती बोर्ड सख्त, लगातार दूसरी FIR दर्ज
भर्ती बोर्ड ने पेपर लीक के दावों को गंभीरता से लेते हुए लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की है. हुसैनगंज थाने में दर्ज ताजा मामले में 'UP SI Exam paper LEAAK' नामक चैनल पर 25,000 रुपये में पेपर देने का लालच दिया जा रहा था.
इससे पहले 'UP SI POLICE 2026', 'Result Panel Pvt TM' और 'UPSI 2026' जैसे चैनलों पर भी मुकदमा दर्ज हो चुका है. पुलिस अब इन चैनलों के संचालकों की पहचान करने के लिए डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगाल रही है.
एसटीएफ की छापेमारी और ठगों का 'ऑफर'
इन ठगों ने क्वेश्चन पेपर बेचने के लिए बाकायदा 'सेल' लगा रखी है. अभ्यर्थियों को फंसाने के लिए 50% एडवांस और बाकी पैसे काम होने के बाद देने का भरोसा दिलाया जा रहा है. यूपी एसटीएफ की कई टीमें सक्रिय हो गई हैं और संदिग्ध मोबाइल नंबरों व टेलीग्राम आईडी को ट्रैक किया जा रहा है. अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सावधान किया है कि वे ऐसे किसी भी झांसे में न आएं, क्योंकि यह केवल ठगी का धंधा है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है.
संतोष शर्मा