यूपी के संभल में एक प्राइवेट हॉस्पिटल की नर्स ने डॉक्टर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा है कि वह अस्पताल के ऊपर बने रूम में रहती थी. यहां डॉक्टर ने उसकी तस्वीरें खींच ली थीं. इसके बाद ब्लैकमेल करने लगा. तीन साल तक अलग-अलग शहरों के होटलों में ले जाकर शोषण किया और गर्भ निरोधक दवाएं भी खिलाईं.
दरअसल, मुरादाबाद के कुंदरकी थाना इलाके की महिला एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स थी. 7 नवंबर 2022 को महिला ने नर्स की नौकरी ज्वाइन की थी. वह हॉस्पिटल के ऊपर कमरे में ही रहने लगी थी. 15 दिसंबर 2022 को उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई.
आरोप है कि डॉक्टर ने उसे नशीली दवा दे दी, उससे नर्स बेहोश हो गई और डॉक्टर ने उसकी तस्वीरें खींच लीं. अगले दिन उन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. नौकरी से निकालने की धमकी दी.
दर्ज कराई गई एफआईआर में नर्स का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर ब्लैकमेल कर तीन साल तक रेप करता रहा. 2 दिसंबर 2025 को रेप किया और गर्भ निरोधक दवाएं खिला दीं. डॉक्टर वीडियो भी बना लिया था, जिसे वायरल करने की धमकी देता था. पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर उसे नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और रामपुर के होटलों में ले गया और वहां कई बार रेप किया गया.
यह भी पढ़ें: पुणे: अशोक खरात के बाद एक और स्वयंभू बाबा पर एक्शन... महिला को नशीली चीज देकर रेप का आरोप
पीड़िता का कहना है कि उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई. मां ने हॉस्पिटल के डॉक्टर और उसके पिता से शिकायत की. इस पर आरोपी डॉक्टर के पिता ने गाली गलौज की.
एएसपी ने पूरे मामले को लेकर क्या कहा?
पीड़िता ने एसपी ऑफिस में शिकायत की थी, जिसके बाद संभल सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी डॉक्टर और डॉक्टर के पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है. वहीं पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि संभल के अस्पताल में कार्य करने वाली नर्स ने आरोप लगाया है कि वह हॉस्पिटल में ही बने कमरे में रुकती थी. वहीं घटना को अंजाम दिया गया. तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है. जांच चल रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अभिनव माथुर