यूपी के संभल में मेडिकल संचालक युवक ने दूसरी शादी में बाधक बन रही आशा वर्कर पत्नी की बच्चों के सामने ही कैंची घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद हत्यारोपी पति ने खुद को भी कैंची मारकर जान देने की कोशिश की. बताया जाता है कि हत्यारोपी पति अपनी मामी से निकाह की जिद पर अड़ा हुआ था. जिसको लेकर पति और पत्नी के बीच काफी समय से विवाद था.
दरअसल अमरोहा जिले के आलमपुर गांव के निवासी नफीस का बदायूं जिले के उगैती निवासी नजमा के साथ 15 साल पहले निकाह हुआ था. बीते चार साल पहले दोनों लोग संभल के हयातनगर थाना इलाके के सरायतरीन कस्बे में किराए के मकान में रहने लगे थे. नफीस घर से कुछ ही दूर पर मेडिकल स्टोर की दुकान संचालित करता था.
यह भी पढ़ें: फोन पर बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड के घर मौत का तांडव... पिता ने हंसिए से गला काटकर की बेटी की बेरहमी से हत्या
मामी से शादी की जिद पर अड़ गया था हत्यारा पति
इसी बीच बीते दो साल से नफीस का अपनी ही मामी के साथ प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया. लेकिन जब दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की कहानी नफीस की पत्नी नजमा को पता लगी तो विवाद शुरू हो गया. पत्नी के विरोध के बाद भी नफीस ने अपनी मामी को साथ रखने की ठान ली. इसके बाद नफीस की पत्नी नजमा नाराज होकर अपने चार बच्चों के साथ संभल सदर कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशन दास सराय में किराए के मकान में रहने लगी थी.
यहां नजमा आशा वर्कर की नौकरी करने लगी. इसके बाद नफीस अपनी मामी से निकाह के लिए अपनी पत्नी नजमा पर तलाक देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था. लेकिन नजमा तलाक देने के लिए तैयार नहीं थी. इसी बीच बीती रविवार रात को करीब 11 बजे नफीस अपनी पत्नी नजमा के मकान पर पहुंचा और फिर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसी बीच नफीस ने बच्चों के सामने ही अपनी पत्नी नजमा की कैंची घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद को भी कैंची मारकर सुसाइड करने का प्रयास किया.
2 साल से दोनों के बीच चल रहा था झगड़ा
शोर मचता हुआ देखकर घर में पहुंचे पड़ोसियों ने युवक को आत्महत्या करने से रोक लिया. इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर संभल सदर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. जहां घायल हत्यारे को तुरंत संभल जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया. साथ ही पुलिस ने मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त की गई कैंची बरामद की है. पुलिस अब घटना की जांच पड़ताल कर रही है और इसी के साथ नफीस की प्रेमिका मामी से भी अब पुलिस पूछताछ करेगी. मृतक आशा वर्कर महिला नजमा की सहयोगी महिला का कहना है कि पति-पत्नी के बीच 2 साल से लगातार झगड़ा चल रहा था.
नजमा को साथ नहीं रखना चाहता था पति
नजमा अपने पति के साथ रहना चाहती थी लेकिन पति अपने साथ नहीं रखना चाहता था. क्योंकि वह अपनी मामी के साथ दूसरा निकाह करना चाह रहा था. नफीस अपनी पत्नी नजमा के आशा वर्कर की नौकरी करने के भी लगातार खिलाफ था. रविवार को नजमा रोजा इफ्तार करके बैठी थी तभी उसका पति नफीस घर पर पहुंचा और झगड़ा करने लगा. इसके बाद बच्चों का फोन कॉल आया और उन्होंने बताया कि उनकी मम्मी को मार दिया गया है.
सदर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि नफीस के द्वारा अपनी पत्नी नजमा की बेरहमी से हत्या की गई है. मामले में जांच की जा रही है और जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
अभिनव माथुर