यूपी के मेरठ से 10 मार्च को लापता हुई दो सगी बहनों की तलाश मुंबई के एक होटल में जाकर खत्म हुई. 16 और 18 साल की इन बहनों का गायकी के प्रति जुनून ऐसा था कि वे बिना किसी को बताए खुद ही कार बुक कर मुंबई के लिए निकल गईं. मेरठ पुलिस की मुस्तैदी के कारण उन्हें महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया.
मामला मेरठ के मेडिकल थाना इलाके के शास्त्री नगर का है, जहां की रहने वाली एक महिला ने 10 मार्च को पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि उसकी दो बेटियां 16 साल और 18 साल घर से लापता हो गई हैं.
इसके बाद पुलिस ने दोनों बहनों को तलाशना शुरू किया. दोनों बहनों की लोकेशन मुंबई में मिली. पुलिस ने अगले ही दिन 24 घंटे में दोनों को ट्रेस कर लिया और फिर दोनों बहनों को मुंबई के एक होटल से बरामद कर लिया. 14 मार्च को पुलिस दोनों को लेकर वापस आ गई.
पुलिस ने इस मामले में बताया कि दोनों लड़कियों की मां की तरफ से 10 मार्च को मेडिकल थाने में मिसिंग कंप्लेंट दी गई थी. इसके बाद लेडी ऑफिसर पूजा पवार के साथ दो अन्य पुलिसकर्मियों की एक टीम को केस पर लगाया गया. दोनों की लोकेशन मुंबई में मिली. मेरठ की टीम वाया रोड से ही मुंबई पहुंची और दोनों को बरामद कर लिया. फिलहाल दोनों को आशा ज्योति केंद्र में रखा गया है.
यूट्यूब से सीखीं 10 भाषाएं
पुलिस ने जब इन दोनों बहनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह 10 भाषाओं में गाना गा सकती हैं. सिंगर बनने के लिए वह खुद ही कार से मुंबई पहुंची थी. कार ड्राइव नहीं कर सकती थी, इसलिए दोनों ने एक ऐप से 8000 रुपये में ड्राइवर बुक किया. बच्चियों के पिता की 1 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है. घर में एक भाई है जो पढ़ाई कर रहा है. मां कुछ काम करती है.
पुलिस पूछताछ में दोनों बहनों ने बताया कि वह सिंगर बनने के लिए ही मुंबई पहुंची थीं. दोनों बहनों ने किसी क्लास में जाकर नहीं, बल्कि ऑनलाइन यूट्यूब से ही गाने सुन सुनकर सीखे हैं और 10 भाषाओं में यह दोनों बहने गाने गा लेती हैं.
8000 रुपये में एक ड्राइवर बुक किया
पूरा घटनाक्रम इस प्रकार से है. मां अपने बेटे को परीक्षा दिलाने स्कूल ले गई. घर में दोनों बेटियां 16 और 18 वर्ष अकेली थीं. दोनों बहनों ने एप के जरिए करीब 8000 रुपये में एक ड्राइवर बुक किया. घर की कार लेकर मुंबई के लिए निकल गईं.
मां घर लौटी तो बेटियां नहीं मिलीं. घबराकर मेडिकल थाने में मिसिंग की शिकायत दर्ज की गई. मेरठ पुलिस ने दोनों बहनों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया. लोकेशन मुंबई में मिली. इसके बाद मेरा पुलिस की तीन सदस्य टीम मुंबई के लिए रवाना हुई. 12 मार्च को टीम मुंबई पहुंची और मुंबई पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया.
मुंबई के एक होटल से बरामद
12 और 13 मार्च की रात को दोनों बहनों को मुंबई के एक होटल में सकुशल बरामद कर लिया. 13 मार्च को पूछताछ में दोनों बहनों ने बताया कि वह कोरियन सिंगिंग शो में सेकंड ऑडिशन के लिए मुंबई आई थी. 14 मार्च को पुलिस दोनों बहनों को लेकर मेरठ आ गईं और फिलहाल उन्हें आयशा ज्योति केंद्र में रखा गया है.
उस्मान चौधरी