लखनऊ में ससुराल आए दामाद की बेरहमी से हत्या कर दी गई. विदाई के बहाने बुलाकर ससुर और सालों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर पेट व सीने में चाकू घोंप दिया. गंभीर हालत में घायल दामाद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात में मृतक के साथ आए उसके भाई को भी चोटें आई हैं. पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
यह सनसनीखेज घटना 16 फरवरी की देर रात काकोरी थाना क्षेत्र के लालताखेड़ा गांव में हुई. मृतक की पहचान 24 वर्षीय रामसागर के रूप में हुई है, जो पीलीभीत जिले के माधौटांडा का रहने वाला था. रामसागर ने लालताखेड़ा गांव की रहने वाली कामिनी से दो साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिसका उसके ससुराल पक्ष शुरू से विरोध कर रहा था.
मृतक के भाई राहुल गौतम के अनुसार, दिसंबर 2024 में रामसागर और कामिनी ने घर से भागकर पहले पीलीभीत के एक मंदिर में शादी की और बाद में कोर्ट मैरिज की थी. शादी के बाद दोनों पीलीभीत में रह रहे थे. कुछ समय बाद कामिनी के मायके वाले पीलीभीत पहुंचे और रीति-रिवाज से शादी कराने का भरोसा देकर कामिनी को लालताखेड़ा ले गए, लेकिन वहां उसे रामसागर से मिलने नहीं दिया गया.
राहुल का आरोप है कि कामिनी के मायके वाले उस पर रामसागर को भूलने का दबाव बना रहे थे और उसकी दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिश कर रहे थे. 16 फरवरी को कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित और अमित ने विदाई के बहाने रामसागर को लालताखेड़ा बुलाया. रामसागर अपने भाई राहुल के साथ वहां पहुंचा, जहां बातचीत के नाम पर उसे गांव के बाहर ले जाया गया. इसी दौरान विवाद हुआ और आरोपियों ने रामसागर पर हमला कर दिया. सुमित ने उसके पेट और सीने में चाकू से कई वार किए, जबकि बीच-बचाव करने पर राहुल के साथ भी मारपीट की गई.
काकोरी थाना प्रभारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे ग्राम लालताखेड़ा के बाहर एक बाग के पास युवक को चाकू मारने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलन किया, जहां खून के धब्बे पाए गए. घायल रामसागर को 108 एंबुलेंस से सीएचसी सरोजनीनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. राहुल की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. नामजद आरोपियों भीमा गौतम, सुमित, अमित और पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
अंकित मिश्रा