लखनऊ: मेट्रो टिकट के लिए लाइन में लगने का झंझट खत्म, मोबाइल से बुक करें QR कोड और सीधे करें सफर

लखनऊ के मेट्रो यात्रियों के लिए सोमवार से एक नई सुविधा की शुरुआत हुई है. अब आपको टोकन के लिए लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने क्यूआर-आधारित टिकटिंग सिस्टम लॉन्च किया है, जिससे यात्री घर बैठे ही मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे.

Advertisement
लखनऊ मेट्रो लखनऊ मेट्रो

aajtak.in

  • लखनऊ ,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:33 PM IST

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने सोमवार को हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर क्यूआर-आधारित टिकटिंग प्रणाली का औपचारिक उद्घाटन किया. इस नई व्यवस्था के तहत यात्री अब लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप, टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) और टिकट काउंटर से क्यूआर टिकट बुक कर सकते हैं. मोबाइल ऐप से बुक किए गए टिकट डिजिटल फॉर्मेट में उपलब्ध होंगे, जबकि काउंटरों से कागज वाले क्यूआर टिकट मिलेंगे. यात्री इन टिकटों को ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेट पर लगी पीली पट्टी वाले स्कैनर पर स्कैन करके स्टेशन के भीतर प्रवेश और निकास कर सकेंगे.

Advertisement

मोबाइल ऐप और टीवीएम से मिलेगी सुविधा

लखनऊ मेट्रो प्रशासन ने सभी स्टेशनों पर नई क्यूआर-समर्थित टिकट वेंडिंग मशीनें (TVM) स्थापित की हैं. इन मशीनों पर यात्रियों को यूपीआई (UPI) के जरिए भुगतान करने की सुविधा भी मिलेगी. जो लोग तकनीकी रूप से कम सहज हैं, वे टिकट काउंटर से पेपर-आधारित क्यूआर टिकट ले सकते हैं. खास बात यह है कि टोकन आधारित पुरानी व्यवस्था भी अन्य मशीनों पर पहले की तरह ही चालू रहेगी, जिससे यात्रियों के पास सफर के लिए कई विकल्प मौजूद होंगे.

डिजिटल इंडिया की ओर एक और कदम

इस अवसर पर एमडी सुशील कुमार ने कहा कि यह कदम 'स्मार्ट ट्रैवल' की अवधारणा पर आधारित है. यात्री अब कहीं से भी टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे यात्रा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी. उन्होंने इसे 'डिजिटल इंडिया' के दृष्टिकोण के अनुरूप बताया, जहां सेवाएं सिर्फ 'एक टैप' की दूरी पर हैं. इस प्रणाली से स्टेशनों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा. पीली पट्टी वाले एएफसी गेट्स को विशेष रूप से इन टिकटों की स्कैनिंग के लिए तैयार किया गया है.

Advertisement

जल्द शुरू होगी 'वन नेशन, वन कार्ड' सुविधा

कानपुर और आगरा मेट्रो के सफल मॉडल के बाद, अब लखनऊ में भी जल्द ही नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा शुरू की जाएगी. सुशील कुमार ने बताया कि अगले चरण में इस सुविधा के आने से यात्री देश भर के उन सभी मेट्रो सिस्टम में सफर कर सकेंगे जहां एनसीएमसी की सुविधा उपलब्ध है. यह 'वन नेशन, वन कार्ड' के विजन को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा, जिससे यात्रियों को हर शहर के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement