उत्तर प्रदेश के कौशांबी में दोस्तों ने प्राइवेट लाइनमैन की हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए. अगली सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना चरवा थाना क्षेत्र के पंसौर रोड पर हुई. मलाक नगर के रहने वाले जय सिंह पटेल (37) शनिवार शाम अपने दोस्त लाल चंद्र और राजू पासी के साथ बाइक से पंसौर गांव गए थे. लेकिन, रात में वह घर नहीं लौटे, जिससे परिजन परेशान हो गए. रविवार सुबह ग्रामीणों ने पंसौर रोड पर उनका खून से लथपथ शव देखा, तो तत्काल परिजनों को सूचना दी.
ये भी पढ़ें- UP: बागपत के जंगल में हिस्ट्रीशीटर समेत दो लोगों की लाश मिली, गोलियों से छलनी कर हत्या
सिर पर किसी धारदार हथियार से मारकर हत्या
परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे. हत्या की जानकारी होते ही इलाके के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी. वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर उसके दोस्त लाल चंद्र और राजू पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. बताया जा रहा है कि जय सिंह के सिर पर किसी धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या की गई है.
मामले में पुलिस ने कही ये बात
मामले में एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिली थी कि चरवा थाना अंतर्गत एक शव पड़ा है. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि शनिवार शाम जय सिंह अपने दो दोस्तों के साथ घूमने निकला था. दोनों के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है. एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अभी हत्या की वजह का पता नहीं चला है. मामले में कार्रवाई की जा रही है.
अखिलेश कुमार